Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए टिहरी पुलिस का अभियान लगातार जारी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत घनसाली पुलिस ने 374 ग्राम अवैध चरस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त ग्रे रंग की स्कूटी को भी कब्जे में लिया है। अवैध मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने और नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक द्वारा जनपद के सभी थाना प्रभारियों को संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार चेकिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं क्षेत्राधिकारी टिहरी के पर्यवेक्षण में थाना घनसाली पुलिस क्षेत्र में लगातार चेकिंग एवं निगरानी कर रही थी। इसी अभियान के तहत 30 अगस्त 2026 को घनसाली पुलिस टीम चमियाला-बूढ़ाकेदार मार्ग पर जंगलात नर्सरी के पास गश्त एवं संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम को एक स्कूटी संदिग्ध दिखाई दी। पुलिस ने स्कूटी को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान स्कूटी की डिग्गी से 374 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने स्कूटी सवार व्यक्ति को मौके पर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की पहचान मोर सिंह पुत्र कौर सिंह निवासी ग्राम रतोली अनेठी पोस्ट खण्डोगी तहसील जाखणीधार थाना हिंडोलाखाल जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी अवैध चरस का परिवहन कर रहा था। उसके विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थ के परिवहन में प्रयुक्त ग्रे रंग की स्कूटी को भी पुलिस ने कब्जे में लिया है। टिहरी पुलिस की कार्रवाई में 374 ग्राम अवैध चरस और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी बरामद हुई है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उप निरीक्षक दिनेश बल्लभ उप निरीक्षक संजीत कुमार अपर उप निरीक्षक शशिकांत हेड कांस्टेबल भास्कर नेगी तथा महिला कांस्टेबल शशि दोई थाना घनसाली शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *