Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। थाना मुनि की रेती क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस चौकी व्यासी के पास सोमवार को ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि दो महिलाएं घायल हो गईं। सूचना मिलते ही टिहरी पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायलों को 108 एंबुलेंस सेवा की मदद से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार 31 अगस्त 2026 को 112 आपातकालीन सेवा के माध्यम से पुलिस को सूचना मिली कि चौकी व्यासी के पास एक ट्रक और स्विफ्ट डिजायर कार की आपस में टक्कर हो गई है। सूचना मिलते ही थाना मुनि की रेती पुलिस ने चौकी व्यासी के पुलिस बल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया। पुलिस टीम बिना देर किए मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। मौके पर पहुंची पुलिस टीम के अनुसार डंपर और स्विफ्ट डिजायर कार की टक्कर हुई थी। कार ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रही थी जबकि डंपर श्रीनगर से ऋषिकेश की ओर आ रहा था। स्विफ्ट डिजायर कार में कुल चार लोग सवार थे जिनमें एक पुरुष और तीन महिलाएं शामिल थीं। हादसे में कार चालक ऋषभ उम्र करीब 22 वर्ष निवासी श्रीनगर तथा रक्षा सेमवाल उम्र करीब 24 वर्ष निवासी श्रीनगर की मौत हो गई। वहीं सुहानी उम्र करीब 20 वर्ष निवासी कीर्तिनगर और ईशानी उम्र करीब 20 वर्ष निवासी श्रीनगर घायल हो गईं। पुलिस टीम ने दोनों घायलों को तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से ऋषिकेश अस्पताल पहुंचाया जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय गति पर नियंत्रण रखें और सड़क एवं मौसम की परिस्थितियों के अनुरूप पूरी सावधानी से वाहन चलाएं। पुलिस ने वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने की भी अपील की है ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *