Spread the love

प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। आमजन की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से सोमवार को जिला सभागार गोपेश्वर में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में जनता मिलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे फरियादियों ने शिक्षा स्वास्थ्य बिजली पानी सड़क सुरक्षा दीवार निर्माण तथा जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान सहित विभिन्न समस्याओं से संबंधित कुल 33 शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों की मौजूदगी में सभी समस्याओं को गंभीरता से सुना और 18 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर जांच एवं आवश्यक कार्रवाई कर समयबद्ध निस्तारण के निर्देश दिए। जनता मिलन कार्यक्रम में ग्राम सभा गौंणा निवासी गजेन्द्र रावत ने राजकीय इंटर कॉलेज गौंणा में शिक्षकों की तैनाती की मांग रखी। उन्होंने बताया कि विद्यालय में दूरस्थ क्षेत्र धारकुमाला दुर्मी एवं पगना के विद्यार्थी भी अध्ययन के लिए आते हैं और वर्तमान में विद्यालय में शिक्षकों के पांच पद रिक्त हैं। उन्होंने विद्यार्थियों की सुविधा एवं पठन-पाठन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए रिक्त पदों पर शिक्षकों की तैनाती का अनुरोध किया। नंदानगर क्षेत्र के निवासियों ने भी राजकीय बालिका इंटर कॉलेज नंदानगर में शिक्षकों की तैनाती की मांग मुख्य विकास अधिकारी के समक्ष रखी। फरियादियों ने बताया कि विद्यालय में शिक्षकों की कमी के कारण छात्राओं की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। उन्होंने विद्यालय में पर्याप्त शिक्षकों की व्यवस्था किए जाने का अनुरोध किया। नगर पालिका परिषद चमोली के सदस्य दीपक बिष्ट ने जिला अस्पताल गोपेश्वर में चिकित्सकों के रिक्त पदों का मामला जनता मिलन में उठाया। उन्होंने बाल रोग नेत्र रोग एवं ईएनटी जैसे महत्वपूर्ण विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति जनहित में जल्द किए जाने की मांग की ताकि स्थानीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जनता मिलन में ग्राम सकण्ड के ग्रामीणों ने गांव को सड़क मार्ग से जोड़ने की मांग रखी। वहीं खोड़ मलाना के ग्रामीणों ने कृषि भूमि को जंगली जानवरों से होने वाले नुकसान से बचाने के लिए वायर फेंसिंग कराने का अनुरोध किया। इसके अलावा विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे अन्य फरियादियों ने भी अपने-अपने क्षेत्र की समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी ने कहा कि आमजन की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करना प्रशासन की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता मिलन कार्यक्रम में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए और संबंधित अधिकारी निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के समाधान के लिए स्थलीय जांच या विभागीय स्तर पर समन्वय की आवश्यकता है उनमें तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का वास्तविक एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के लिए बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान जनता मिलन कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी चमोली राजकुमार पाण्डेय मुख्य कृषि अधिकारी जय प्रकाश तिवारी जिला समाज कल्याण अधिकारी धनंजय लिंगवाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *