प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे जनता दर्शन एवं जनता मिलन कार्यक्रमों का असर अब धरातल पर भी दिखाई दे रहा है। सोमवार को जिला सभागार में गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप की अध्यक्षता में आयोजित जनता दर्शन कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे लोगों ने 28 शिकायतें एवं समस्याएं रखीं। आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक शिकायत का गंभीरता से संज्ञान लेते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनता दर्शन में बल्ली गांव के ग्रामीणों ने पेयजल आपूर्ति बाधित होने की शिकायत रखी। इस पर आयुक्त ने जल संस्थान के अधिशासी अभियंता को दो दिन के भीतर पाइपलाइन की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। पाइपलाइन ठीक होने तक ग्रामीणों को टैंकर के माध्यम से पेयजल उपलब्ध कराने को कहा गया। वहीं भित्ताईं मल्ली की ग्राम प्रधान मंजू नेगी ने गांव के मार्ग पर झाड़ियों के कारण आवागमन में हो रही परेशानी को देखते हुए बुशकटर उपलब्ध कराने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी के निर्देश पर मौके पर ही बुशकटर उपलब्ध करा दिया गया। त्वरित कार्रवाई से लोगों को तत्काल राहत मिली और प्रशासन के प्रति उनका भरोसा और मजबूत हुआ। सतपुली-पैडुल मोटर मार्ग पर सड़क कटिंग का मुआवजा 10 वर्ष से अधिक समय से लंबित होने का मामला भी जनता दर्शन में पहुंचा। आयुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग के अधिशासी अभियंता को प्रकरण को प्राथमिकता से निस्तारित करने के निर्देश दिए। संबंधित अमीन को भूमि संबंधी कार्रवाई शीघ्र पूरी करने को कहा गया। वाहन सरेंडर करने के बावजूद बकाया धनराशि दर्शाए जाने की शिकायत पर अपर जिलाधिकारी को प्रकरण का परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। परिवहन कार्यालय परिसर में अनधिकृत एजेंट पाए जाने पर भी कार्रवाई करने को कहा गया। तहसील मार्ग की खराब स्थिति एवं निराश्रित पशुओं की समस्या पर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी को सड़क के गड्ढे भरवाने और आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। शहर में खराब पड़ी विद्युत लाइटों को भी ठीक कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। ग्राम कठूड़ में घरों के आसपास भालू की आवाजाही की शिकायत पर एक सप्ताह के भीतर सोलर लाइट लगाने के निर्देश दिए गए। सीली मल्ली गांव में ग्राम प्रधान की पात्रता से संबंधित शिकायत पर एडीपीआरओ को जांच पूरी कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया। राज्य आंदोलनकारी की सूची में नाम दर्ज न होने की शिकायत पर भी नियमानुसार परीक्षण कर कार्रवाई के निर्देश दिए गए। कल्जीखाल विकासखंड के ग्राम रौड़ में सड़क कटिंग के कारण मंदिर की दीवार में दरार आने की शिकायत पर आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अगले सोमवार से पहले आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन आवासीय भवनों पर खतरा बना हुआ है वहां तत्काल स्थलीय निरीक्षण किया जाए। स्थायी सुरक्षा कार्य होने तक वायर क्रेट आदि के माध्यम से भवनों को सुरक्षित करने की कार्रवाई की जाए। जनता दर्शन में प्रधानमंत्री आवास योजना पोल्ट्री फार्म स्थायी निवास प्रमाण-पत्र गांवों की स्वच्छता सोलर लाइट मंदिर जीर्णोद्धार और पेयजल पाइपलाइन सहित विभिन्न विभागों से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। पुरानी शिकायतों के निस्तारण का भी हो रहा फॉलोअप जनता दर्शन की खास बात यह रही कि नई शिकायतों पर कार्रवाई के साथ पूर्व में जनता मिलन कार्यक्रमों में प्राप्त शिकायतों के निस्तारण का भी फॉलोअप किया जा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में संबंधित विभागों से कार्रवाई की स्थिति प्राप्त कर लंबित प्रकरणों को समाधान तक पहुंचाया जा रहा है। पौड़ी गांव के ग्रामीणों ने क्षेत्र में खुले घूम रहे पालतू सूअरों से खेती और खड़ी फसलों को हो रहे नुकसान की शिकायत की थी। जिलाधिकारी के निर्देश पर नगर पालिका परिषद पौड़ी ने संबंधित सूअर पालकों को नोटिस जारी कर पालतू सूअरों को निर्धारित बाड़ों में रखने के निर्देश दिए। नियमों का उल्लंघन करने वाले तीन सूअर पालकों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए कुल 5 हजार रुपये का चालान किया गया। ग्राम पंचायत बड़कोट के प्रतिनिधियों ने अनुसूचित जाति बहुल क्षेत्र खिपलाधार से ग्राम बड़कोट स्थित खैरालिंग मंदिर मोटर मार्ग के डामरीकरण की मांग रखी थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने करीब 4.25 किलोमीटर मार्ग के कार्य के लिए 330.32 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृति का प्रस्ताव शासन को भेजा है। इसी तरह ग्राम कुनकली क्षेत्र में घण्डियालधार-कुनकली-अलासू-बेहेड़ाखाल संपर्क मार्ग के डामरीकरण और सफाई की शिकायत पर लोक निर्माण विभाग द्वारा किलोमीटर 13 से 17 तक के विस्तृत आगणन का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रगति विहार श्रीनगर के नागरिकों द्वारा पीपल के वृक्ष को काटे जाने पर रोक लगाने तथा ई-लाइब्रेरी के लिए वैकल्पिक स्थान चयनित किए जाने संबंधी शिकायत पर उपजिलाधिकारी श्रीनगर ने जांच की। जांच के बाद संबंधित भूमि से पूर्व में किया गया अवैध अतिक्रमण हटाया गया तथा विद्यालय परिसर में जनहित एवं छात्रहित को देखते हुए ई-लाइब्रेरी निर्माण का प्रस्ताव स्वीकृत किया गया। ग्राम ताल विकासखंड पाबौ में झंगरोली क्षेत्र के हॉट मिक्स प्लांट से संबंधित शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश पर जिला खान अधिकारी एवं तहसील प्रशासन ने संयुक्त स्थलीय निरीक्षण किया। जांच के दौरान प्लांट बंद मिला। संबंधित कंपनी को आवश्यक अनुमतियां प्राप्त होने तक प्लांट का संचालन नहीं करने के निर्देश दिए गए। ग्राम पंचायत मैन्दणी विकासखंड रिखणीखाल में विकास कार्यों से संबंधित शिकायत पर जिला पंचायती राज अधिकारी ने प्रकरण की जांच और अभिलेखों का परीक्षण किया। जांच के बाद ग्राम पंचायत में गेट निर्माण एवं ओपन जिम से संबंधित कार्यों के लिए धनराशि स्वीकृत कर दी गई है। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की भी समीक्षा जनता दर्शन में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों एवं उनके निस्तारण की भी समीक्षा की गई। आयुक्त ने निस्तारित शिकायतों पर अधिकारियों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि शिकायत का निस्तारण केवल कागजों तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि उसका समाधान धरातल पर दिखाई देना चाहिए। उन्होंने तत्काल समाधान वाली शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने तथा लंबी अवधि वाले मामलों में शिकायतकर्ताओं को कार्रवाई की प्रगति से अवगत कराने के निर्देश दिए। साथ ही शिकायत के निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फोन पर फीडबैक लेने को कहा ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि संबंधित समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है। आयुक्त ने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने स्तर पर जनता से मिलने का निर्धारित समय तय करे। आमजन को अपनी समस्या लेकर बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें इसके लिए विभागीय स्तर पर नियमित जनसुनवाई और प्रभावी फॉलोअप जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनता दर्शन और जनता मिलन की वास्तविक सफलता शिकायतों की संख्या में नहीं बल्कि उनके समाधान में है। त्वरित संज्ञान समयबद्ध कार्रवाई पुरानी शिकायतों का फॉलोअप और निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेने से ही जनता का प्रशासन पर भरोसा मजबूत होता है और सुशासन का उद्देश्य धरातल पर दिखाई देता है। इस अवसर पर सीडीओ अशोक जोशी डीएफओ सिविल सोयम पवन नेगी एडीएम एफआर चौहान संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात पीडी डीआरडीए विवेक कुमार उपाध्याय डीडीओ रमेश चंद्र सीओ तपेश कुमार चंद सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
