Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। पुलिस विभाग में वर्षों तक अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हो रहे अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर एवं अपर उप निरीक्षक शेर सिंह के सम्मान में सोमवार को पुलिस लाइन चंबा में विदाई समारोह आयोजित किया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने दोनों पुलिस अधिकारियों को शॉल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर भावभीनी विदाई दी और उनके दीर्घ सेवाकाल तथा विभाग के प्रति योगदान की सराहना की। अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर ने करीब 29 वर्ष की पुलिस सेवा पूर्ण करने के बाद ऐच्छिक सेवानिवृत्ति ली। वह 20 अगस्त 1997 को पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने ऊधम सिंह नगर अल्मोड़ा उत्तरकाशी एवं टिहरी गढ़वाल जनपदों में विभिन्न स्थानों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2009 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नति के बाद वर्ष 2022 में उन्हें अपर उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नति मिली। मार्च 2024 से वह टिहरी गढ़वाल में नियुक्त होकर सेवाएं दे रहे थे। व्यक्तिगत एवं पारिवारिक परिस्थितियों के दृष्टिगत उनके द्वारा ऐच्छिक सेवानिवृत्ति का अनुरोध किया गया था जिसे स्वीकार किए जाने के बाद उन्होंने 31 अगस्त 2026 को पुलिस विभाग से विदाई ली। वहीं अपर उप निरीक्षक शेर सिंह ने करीब 39 वर्ष सात माह की दीर्घकालीन पुलिस सेवा के बाद अधिवर्षता आयु पूर्ण कर सेवानिवृत्ति प्राप्त की। वह 8 जनवरी 1987 को पुलिस विभाग में आरक्षी के पद पर भर्ती हुए थे। अपने लंबे सेवाकाल में उन्होंने हरदोई बरेली पीलीभीत हरिद्वार एवं टिहरी गढ़वाल में विभिन्न पदों पर सेवाएं दीं। वर्ष 2010 में मुख्य आरक्षी के पद पर पदोन्नत होने के बाद वर्ष 2023 में वह अपर उप निरीक्षक के पद पर पदोन्नत हुए। नवंबर 2019 से वह जनपद टिहरी गढ़वाल में नियुक्त रहकर पुलिस विभाग को अपनी सेवाएं दे रहे थे। 31 अगस्त 2026 को अधिवर्षता आयु पूर्ण करने पर उन्होंने पुलिस विभाग से सेवानिवृत्ति प्राप्त की। एसएसपी ने दी उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं विदाई समारोह के दौरान एसएसपी श्वेता चौबे ने दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों के दीर्घ एवं सराहनीय सेवाकाल की प्रशंसा करते हुए कहा कि पुलिस विभाग में लंबे समय तक पूरी निष्ठा लगन और कर्तव्यपरायणता के साथ सेवाएं देना अपने आप में गौरव की बात है। दोनों अधिकारियों द्वारा पुलिस विभाग को दिए गए योगदान और अनुभव को विभाग सदैव सम्मान के साथ याद रखेगा। उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति पुलिस सेवा का अंतिम पड़ाव नहीं बल्कि जीवन के नए चरण की शुरुआत है। एसएसपी ने दोनों अधिकारियों एवं उनके परिजनों के उज्ज्वल स्वस्थ सुखद एवं समृद्ध भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि टिहरी पुलिस परिवार के साथ दोनों अधिकारियों का जुड़ाव सदैव बना रहेगा। इस अवसर पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी दोनों सेवानिवृत्त अधिकारियों को भावभीनी विदाई दी। पुलिस कर्मियों ने उनके द्वारा विभाग में दी गई सेवाओं के लिए आभार व्यक्त करते हुए उनके आगामी पारिवारिक जीवन के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। टिहरी पुलिस परिवार की ओर से अपर उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह तोमर एवं अपर उप निरीक्षक शेर सिंह को उनके दीर्घ एवं समर्पित सेवाकाल के लिए धन्यवाद देते हुए सेवानिवृत्ति उपरांत सुखद स्वस्थ एवं मंगलमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *