Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जनपद हरिद्वार को साफ स्वच्छ एवं प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में समीक्षा बैठक की। बैठक में उन्होंने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाने और उसकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि हरिद्वार विश्व प्रसिद्ध धार्मिक एवं पर्यटन नगरी है। ऐसे में यहां स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नगर निगम नगर पालिकाओं नगर पंचायतों जिला पंचायत ग्राम पंचायतों एवं सभी खंड विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित सफाई अभियान चलाने तथा उसकी प्रभावी मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक अधिकारी अपने क्षेत्र में संचालित होने वाले स्वच्छता अभियानों की नियमित समीक्षा करें और यह सुनिश्चित करें कि कहीं भी गंदगी जमा न हो। स्वच्छता अभियान केवल औपचारिकता तक सीमित न रहे बल्कि धरातल पर इसका प्रभाव दिखाई देना चाहिए। सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ सख्ती के निर्देश बैठक में जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के दृष्टिगत सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने नगर निगम नगर पालिकाओं नगर पंचायतों जिला पंचायत ग्राम पंचायतों एवं खंड विकास अधिकारियों को अपने क्षेत्रों में प्रतिबंधित सिंगल यूज प्लास्टिक के निर्माण भंडारण बिक्री एवं उपयोग पर लगातार निगरानी रखने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि कोई दुकानदार व्यापारी प्रतिष्ठान अथवा अन्य व्यक्ति सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करता हुआ पाया जाता है तो उसके विरुद्ध तत्काल चालानी एवं नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने तथा कपड़े जूट एवं अन्य पर्यावरण अनुकूल विकल्पों के उपयोग को बढ़ावा देने के निर्देश भी दिए। सभी वर्गों की भागीदारी से चलेगा स्वच्छता अभियान जिलाधिकारी ने कहा कि स्वच्छ हरिद्वार और प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार के उद्देश्य को पूरा करने के लिए केवल सरकारी विभागों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसके लिए स्वयंसेवी संस्थाओं व्यापारिक प्रतिष्ठानों औद्योगिक इकाइयों धार्मिक संस्थाओं जनप्रतिनिधियों सामाजिक संगठनों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभिन्न संस्थाओं एवं संगठनों के सहयोग से स्वच्छता के प्रति व्यापक जनजागरूकता अभियान भी चलाए जाएं ताकि लोग स्वयं स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में भागीदार बनें। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि स्वच्छ हरिद्वार और प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार अभियान को पूरी गंभीरता के साथ संचालित किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जिम्मेदारी तय की जाएगी। कार्यालयों के शौचालयों की साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान बैठक में जिलाधिकारी ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को अपने अधीन कार्यालयों में संचालित शौचालयों की साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यालय अध्यक्ष स्वयं शौचालयों की स्वच्छता व्यवस्था की निरंतर मॉनिटरिंग करें ताकि कार्यालय परिसरों में स्वच्छ एवं बेहतर वातावरण बना रहे। उन्होंने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को मुख्य विकास अधिकारी द्वारा तैयार किए गए प्रारूप के अनुसार उनके कार्यालयों में संचालित शौचालयों से संबंधित पूर्ण विवरण उसी दिन नोडल अधिकारी स्वच्छता को उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डॉ.ललित नारायण मिश्र जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत डीपीआरओ मुस्तफा खां अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *