Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जनपदवासियों की समस्याओं के त्वरित एवं समयबद्ध निस्तारण के उद्देश्य से जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में प्रत्येक सोमवार को आयोजित होने वाले जनसुनवाई कार्यक्रम के तहत सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में जनसुनवाई आयोजित की गई। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 44 समस्याएं एवं शिकायतें दर्ज कराई गईं जिनमें से 26 समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया। शेष शिकायतों को त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को प्रेषित किया गया। जनसुनवाई में राजस्व भूमि विवाद विद्युत अतिक्रमण जलभराव पेयजल राशन कार्ड सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं सामने आईं। जिलाधिकारी ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जनसुनवाई के दौरान शिकायतकर्ता योगेंद्र कुमार पुत्र दर्शन सिंह निवासी औरंगाबाद ने अपने खेत के सामने सड़क के दोनों ओर नियमानुसार नाली निर्माण और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की। वहीं सुमन नगर निवासी कमलेश उप्रेती ने भारी वर्षा के कारण उनके मकान के चारों ओर हुए जलभराव की समस्या रखते हुए शीघ्र जल निकासी की उचित व्यवस्था कराने का अनुरोध किया। औरंगाबाद निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि वह अपने मकान का निर्माण करा रहे हैं लेकिन पड़ोस में रहने वाले लोग निर्माण कार्य नहीं होने दे रहे हैं। उन्होंने संबंधित व्यक्ति के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई किए जाने का अनुरोध किया। ओमकार निवासी हरचंदपुर नारसन रुड़की ने मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के अंतर्गत स्थापित 25 किलोवाट सौर ऊर्जा संयंत्र के ऋण एवं उस पर देय ब्याज की पूर्ण माफी के संबंध में प्रार्थना पत्र दिया। वहीं कमलेश ने ग्राम ब्रह्मपुरी रावली महदूद में मंदिर से लगभग 100 फुट की दूरी पर अवैध रूप से संचालित शराब की दुकान को बंद कराने की मांग की। ग्राम पुरनपुर साल्हापुर निवासी बबिता पत्नी दिनेश ने बताया कि 27 अगस्त 2026 को हुई अत्यधिक वर्षा के कारण उनका मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। उन्होंने क्षतिग्रस्त मकान का मौका मुआयना कराकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही बर्दाश्त नहीं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनसुनवाई में जनता द्वारा दर्ज कराई जा रही प्रत्येक समस्या का त्वरित एवं समयबद्ध तरीके से निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि जिन शिकायतों के निस्तारण के लिए स्थलीय निरीक्षण आवश्यक है उनमें संबंधित अधिकारी आपसी समन्वय के साथ मौके पर जाकर समस्या का समाधान सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में क्षेत्रवासियों द्वारा दर्ज कराई जाने वाली शिकायतों को शीर्ष प्राथमिकता और संवेदनशीलता के साथ लेते हुए उनका निस्तारण किया जाए। सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों के निस्तारण के निर्देश बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज शिकायतों की भी समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेल्पलाइन पर दर्ज प्रत्येक शिकायत का संवेदनशीलता और गंभीरता के साथ निस्तारण किया जाए। उन्होंने विशेष रूप से 36 दिन से अधिक समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान एल-1 स्तर पर 413 तथा एल-2 स्तर पर 120 शिकायतें निस्तारण के लिए लंबित पाई गईं। संबंधित अधिकारियों को इन शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। जनसुनवाई कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र जिला विकास अधिकारी कमलेश कुमार पंत मुख्य शिक्षा अधिकारी अमित कुमार चंद जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी मीरा रावत डीपीआरओ मुस्तफा खां अधिशासी अभियंता यूपीसीएल दीपक सैनी उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी मुख्य उद्यान अधिकारी तेजपाल सिंह नोडल स्वजल चंद्रकांत मणि त्रिपाठी अधिशासी अभियंता जल संस्थान विपिन चौहान परियोजना अधिकारी उरेडा युद्धवीर सिंह बिष्ट सहित जिला स्तरीय अधिकारी एवं विभिन्न क्षेत्रों से आए फरियादी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *