प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। मूसलाधार बारिश के बीच मंडल-चोपता मार्ग पर गिरे दो विशालकाय पेड़ों को हटाकर फायर यूनिट गोपेश्वर ने यातायात सुचारू कराया। देर रात किए गए इस राहत एवं बचाव अभियान से सड़क मार्ग को श्रद्धालुओं और अन्य वाहनों के आवागमन के लिए फिर से खोल दिया गया। जानकारी के अनुसार देर रात 10:59 बजे कंट्रोल रूम गोपेश्वर को सूचना मिली कि मंडल-चोपता रोड पर हरियाली क्षेत्र के पास मुख्य मार्ग पर दो बड़े पेड़ गिरने से यातायात पूरी तरह बाधित हो गया है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंचने पर फायर टीम ने पाया कि पेड़ों की चपेट में आने से एक ढाबा भी क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके अलावा एक पेड़ का हिस्सा ऊंचाई पर लटका हुआ था जिससे राहत कार्य चुनौतीपूर्ण हो गया। फायर कर्मियों ने वुडन कटर की सहायता से पेड़ों को छोटे-छोटे हिस्सों में काटना शुरू किया। ऊंचाई पर लटके हिस्सों को जेसीबी मशीन की मदद से सावधानीपूर्वक काटकर सड़क किनारे हटाया गया। लगातार हो रही बारिश के बावजूद फायर यूनिट ने त्वरित और सुरक्षित तरीके से राहत कार्य को अंजाम दिया। टीम की मेहनत से बाधित मार्ग को पूरी तरह खोल दिया गया जिससे वाहनों और श्रद्धालुओं का आवागमन सामान्य हो सका। घटना में एक ढाबे को नुकसान पहुंचा है जबकि किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है। राहत कार्य पूरा होने के बाद फायर यूनिट ने इसकी सूचना कंट्रोल रूम गोपेश्वर को उपलब्ध कराई। फायर यूनिट की तत्परता साहस और त्वरित कार्रवाई की स्थानीय लोगों ने सराहना की। राहत एवं बचाव अभियान में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा चालक नितिन जोशी फायरमैन अरविंद सिंह रावत भरत कुमार और सूरज सिंह शामिल रहे।
