Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। खाद्य सुरक्षा आयुक्त देहरादून विनय शंकर पाण्डेय एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने मंगलवार को जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य प्रतिष्ठानों एवं दुग्ध वाहनों का निरीक्षण किया। इस दौरान कनखल में बिना खाद्य अनुज्ञप्ति के दुग्ध वितरण के लिए लाया जा रहा वाहन पकड़ा गया जबकि रुड़की में विभिन्न खाद्य पदार्थों के पांच नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए लिए गए। संबंधित प्रतिष्ठानों एवं निर्माता कंपनियों को आवश्यक नोटिस भी जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानन्द जोशी ने बताया कि दूरभाष पर प्राप्त शिकायत के क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश टम्टा ने कनखल में अमरोहा उत्तर प्रदेश से हरिद्वार में वितरण के लिए लाए जा रहे एक दुग्ध वाहन को जांच के लिए रोका। वाहन में गाय एवं भैंस का मिश्रित दूध लाया जा रहा था। जांच के दौरान वाहन से दुग्ध वितरण अथवा आपूर्ति संबंधी खाद्य अनुज्ञप्ति प्रस्तुत नहीं की गई। आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध नहीं कराने पर वाहन एवं डेयरी के स्वामी एमएस डेयरी को नोटिस जारी किया गया। साथ ही संदेह के आधार पर गाय एवं भैंस के मिश्रित दूध का एक नमूना प्रयोगशाला जांच के लिए लिया गया। वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं योगेन्द्र पाण्डेय की संयुक्त टीम ने रुड़की शहर स्थित विभिन्न रिटेल स्टोरों का निरीक्षण किया। इस दौरान कुल पांच खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए जिनमें एडिबल ऑयल के दो चावल का एक हींग का एक तथा सरसों के तेल का एक नमूना शामिल है। सभी नमूनों को प्रयोगशाला जांच के लिए भेजा गया। लेबल संबंधी प्रावधानों का उल्लंघन पाए जाने पर दो निर्माता कंपनियों को नोटिस जारी किए गए। खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली के निर्देशों एवं खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत की गई कार्रवाई के क्रम में विशाल मेगा मार्ट से एवरेस्ट हींग का एक नमूना भी जांच के लिए लिया गया। इसके अलावा वहां उपलब्ध शेष नौ हींग की डिब्बियों को मौके से हटवा दिया गया। एक अन्य रिटेल स्टोर संचालक द्वारा कर्मचारियों के चिकित्सकीय परीक्षण तथा पेस्ट कंट्रोल से संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर उसे भी नोटिस जारी किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *