Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेशभर के शासकीय अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों में छात्र-छात्राओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने और उनमें विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने के उद्देश्य से आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इन प्रतियोगिताओं में विद्यालयी संस्कृत तकनीकी एवं उच्च शिक्षा संस्थानों के 20 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं प्रतिभाग करेंगे। इसके लिए सभी जनपदों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रदेश के विद्यालयी शिक्षा संस्कृत शिक्षा तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने अपने शासकीय आवास पर चारों विभागों की संयुक्त समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आगामी 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक प्रदेशभर में संचालित होने वाले सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण के 25 वर्ष अभियान में सभी शासकीय अशासकीय एवं निजी शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के तहत आयोजित होने वाली प्रतियोगिताओं के माध्यम से छात्र-छात्राएं चित्रकला एवं भाषण के माध्यम से विकसित भारत के प्रति अपने विचार सपने और संकल्प को अभिव्यक्त करेंगे। विद्यालयों में उत्कृष्ट चित्रों एवं रचनात्मक प्रस्तुतियों की प्रदर्शनी भी लगाई जाएगी जिससे बच्चों की प्रतिभा को व्यापक मंच मिल सके। डॉ.रावत ने कहा कि विद्यालय स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं के बाद उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा और उन्हें जिला व राज्य स्तरीय प्रदर्शनी के लिए भेजा जाएगा। जिला स्तर पर जिला शिक्षा अधिकारी प्रतियोगिताओं का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन राज्य स्तरीय मंच के लिए करेंगे। राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रतिभागियों को मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री द्वारा पुरस्कृत किया जाएगा। विभागीय मंत्री डॉ.रावत ने कहा कि सभी जनपदों में कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए मुख्य शिक्षा अधिकारियों एवं जिला शिक्षा अधिकारियों को आवश्यक तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही विद्यालयी शिक्षा संस्कृत शिक्षा तकनीकी शिक्षा एवं उच्च शिक्षा विभाग के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ अभियान की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने और प्रत्येक शिक्षण संस्थान तक इसकी प्रभावी पहुंच सुनिश्चित करने को कहा गया है। बैठक में सचिव संस्कृत शिक्षा दीपक गैरोला सचिव विद्यालयी शिक्षा डॉ.ज्योति यादव महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा आकांक्षा कोण्डे अपर सचिव उच्च शिक्षा मनुज गोयल निदेशक तकनीकी शिक्षा देशराज निदेशक माध्यमिक शिक्षा वीपी सिमल्टी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *