प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद पौड़ी में क्वालिटी एश्योरेंस कार्यक्रम के अंतर्गत उपजिला चिकित्सालय श्रीनगर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतपुली के साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिर पोखरी डोभ श्रीकोट देहलचौरी सरणा संतुधार बिसल्ड बाड़ियों डडुआदेवी और दमदेवल को कायाकल्प पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। कायाकल्प पुरस्कार के लिए चयनित चिकित्सा इकाइयों को पुरस्कार स्वरूप भारत सरकार द्वारा निर्धारित धनराशि निर्गत की जाती है। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कायाकल्प कार्यक्रम के अंतर्गत चिकित्सा इकाइयों में उपलब्ध बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के मूल्यांकन के आधार पर चिकित्सालयों को कायाकल्प पुरस्कार प्रदान किया जाता है। इसके तहत चिकित्सालय परिसर एवं वार्डों की स्वच्छता संक्रमण नियंत्रण एवं बायोमेडिकल वेस्ट प्रबंधन स्वच्छ पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था चिकित्सालय का रखरखाव मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सेवाएं स्वच्छता एवं हाइजीन प्रमोशन चिकित्सालय परिसर में पर्यावरण संरक्षण आईईसी और अपशिष्ट प्रबंधन जैसे प्रमुख मानक शामिल हैं। इन सभी मानकों पर खरा उतरने पर वित्तीय वर्ष 2025-26 में जनपद की 11 चिकित्सा इकाइयों को कायाकल्प पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है। चिकित्सा इकाइयों में स्वच्छता संक्रमण नियंत्रण अपशिष्ट प्रबंधन मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने सहित विभिन्न मानकों का मूल्यांकन किया गया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल ने क्वालिटी की पूरी टीम के साथ ही विजेता चिकित्सा इकाइयों में कार्यरत सभी कर्मियों को बधाई दी और उनके प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि जनपद में स्वास्थ्य संस्थानों में सुविधाओं एवं सेवाओं की गुणवत्ता को और बेहतर बनाने के लिए आगे भी अधिक प्रयास किए जाएंगे। जिला स्तरीय टीम में डॉ.पंकज स्मृति शाह बलबीर रावत आदि शामिल रहे।
