Spread the love

प्रदीप कुमार
बद्रीनाथ-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। बद्रीनाथ धाम में चमोली पुलिस और स्थानीय व्यक्ति के सराहनीय प्रयासों से श्रद्धालुओं का खोया सामान सुरक्षित वापस लौटाया गया। स्थानीय माला विक्रेता ने ईमानदारी का परिचय देते हुए कीमती सामान पुलिस को सौंपा जबकि पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए श्रद्धालुओं तक उनका सामान पहुंचाया। इस मानवीय पहल से श्रद्धालुओं को राहत मिली और उन्होंने पुलिस के साथ स्थानीय व्यक्ति का आभार जताया। कर्नाटक निवासी श्रद्धालु गीता जी का पर्स तप्त कुंड की सीढ़ियों पर छूट गया था। पर्स में नकदी के साथ उनकी आवश्यक दवाइयां भी रखी थीं। स्थानीय माला विक्रेता उमेद पवार को जब यह पर्स मिला तो उन्होंने ईमानदारी का परिचय देते हुए उसे पुलिस कंट्रोल रूम में जमा करा दिया। इसके बाद मुख्य आरक्षी वीरप्रताप और आरक्षी अरुण गैरोला ने आपसी समन्वय स्थापित किया और अनाउंसमेंट के माध्यम से महिला से संपर्क किया। आवश्यक पहचान की प्रक्रिया पूरी करने के बाद पर्स उन्हें सुरक्षित वापस सौंप दिया गया। इसी तरह गाजियाबाद निवासी राजेन्द्र का खोया हुआ मोबाइल फोन भी चमोली पुलिस ने बरामद कर उन्हें वापस लौटा दिया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर दोनों श्रद्धालुओं ने राहत की सांस ली। उन्होंने चमोली पुलिस की तत्परता के साथ उमेद पवार की ईमानदारी और सहयोग की सराहना की। बद्रीनाथ धाम में पुलिस और स्थानीय व्यक्ति के इस सराहनीय प्रयास ने श्रद्धालुओं का विश्वास जीता और सेवा भाव की मिसाल पेश की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *