प्रदीप कुमार
गोपेश्वर-चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। गोपेश्वर में डिग्री कॉलेज के निकट स्थित एक कैफे की रसोई में 19 अक्टूबर 2026 की रात लगभग 21:30 बजे भीषण आग लग गई। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन गोपेश्वर की टीम मोटर फायर इंजन के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंची। मौके पर कैफे की रसोई में लगी ग्रिल्ड मशीन में भीषण आग धधक रही थी और पूरे क्षेत्र में धुआं फैल गया था। फायर यूनिट ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मोटर फायर इंजन से होज रील फैलाकर पंपिंग के माध्यम से आग पर प्रभावी नियंत्रण पाया और उसे आसपास फैलने से रोक दिया। इस दौरान रसोई में अत्यधिक धुआं भरा होने के बावजूद फायर कर्मियों ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए वहां रखे तीन व्यावसायिक गैस सिलेंडरों को सुरक्षित बाहर निकाला। इससे संभावित विस्फोट और बड़ी अग्निदुर्घटना टल गई। यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो आग आसपास स्थित आवासीय भवनों तक फैल सकती थी जिससे जानमाल का भारी नुकसान होने की आशंका थी। आग से ग्रिल्ड मशीन और वायरिंग सहित अन्य सामान क्षतिग्रस्त हुआ है। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। फायर यूनिट गोपेश्वर की त्वरित कार्रवाई और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में साहसिक प्रयासों की घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने सराहना की। फायर सर्विस टीम में शामिल कर्मी प्रशिक्षु एफएसएसओ हिमांशु जोशी के साथ लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा और चालक नरेश सिंह ने अभियान में भाग लिया। टीम में फायरमैन संतोष कंडेरी और प्रेम प्रकाश के साथ फायरमैन सूरज सिंह राणा तथा यशवन्त सिंह भी शामिल रहे।
