प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। दूरस्थ पहाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए जिला मुख्यालय तक न आना पड़े, इसी उद्देश्य से जिलाधिकारी स्वाति एस.भदौरिया की अध्यक्षता में विकासखंड थलीसैंण के राजकीय महाविद्यालय मजरा महादेव में तहसील दिवस आयोजित किया गया। तहसील चाकीसैंण क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क पेयजल बिजली कृषि शिक्षा राशन आवास रोजगार सहित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। 175 से अधिक शिकायतों की सुनवाई के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से मौके पर ही स्थिति की जानकारी ली और आसानी से हल होने वाले मामलों को एक सप्ताह के भीतर निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शिकायतों के निस्तारण की नियमित समीक्षा करने के साथ प्रत्येक प्रकरण में कार्रवाई के बाद शिकायतकर्ता को भी इसकी सूचना उपलब्ध कराने पर जोर दिया। जिलाधिकारी ने राजकीय प्राथमिक विद्यालय मझोली के क्षतिग्रस्त भवन का प्रस्ताव शीघ्र भेजने के निर्देश दिए। कुचोली में मध्यान्ह भोजन के लिए शेड निर्माण के मामले में प्रस्ताव प्राप्त होते ही कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने शासन को भेजे गए प्रस्तावों का फॉलोअप रखने और आवेदनकर्ताओं को भी इसकी जानकारी देने के निर्देश दिए। आधार संबंधी समस्याओं तथा बालिका श्वेता के दिव्यांग प्रमाणपत्र के आवेदन पर जिलाधिकारी ने कहा कि सितंबर में चाकीसैंण क्षेत्र में दिव्यांग प्रमाणपत्र शिविर आयोजित किया जाएगा। इसके साथ आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए भी आधार शिविर लगाया जाएगा। 3 सितंबर से रोस्टर के अनुसार तिरपालीसैंण में एक सप्ताह का आधार शिविर संचालित होगा जिसका व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। गौरा देवी कन्याधन योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। बगेली गांव में पेयजल लाइन बिछाने को लेकर दूसरे गांव से विवाद के मामले में ग्रामसभा की बैठक के माध्यम से समाधान का रास्ता सुझाया गया। नौगांव ईड़ा के राजकीय प्राथमिक विद्यालय में भवन और पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त होने पर जल संस्थान को निरीक्षण कर मरम्मत कराने के लिए कहा गया। जिलाधिकारी ने हर घर नल से जुड़ी शिकायतों को प्राथमिकता से लेने तथा कुचोली में जल निकासी के लिए पुश्ता निर्माण के मामले में भी आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के मामले में जिलाधिकारी ने कहा कि घेरबाड़ एवं चैनलिंक फेंसिंग की मांग पर सामूहिक घेरबाड़ के लिए ग्रामसभा से प्रस्ताव लिए जाएंगे और सर्वे के बाद कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने ग्रामसभाओं से अधिक से अधिक प्रस्ताव उपलब्ध कराने के साथ मुख्य कृषि अधिकारी को सभी प्रस्तावों का परीक्षण करने और अच्छी खेती करने वाले किसानों को घेरबाड़ में प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही पशुपालन के लिए ऋण के आवेदनों तथा मुर्गीबाड़े सहित रोजगार से जुड़े मामलों को प्राथमिकता से निस्तारित करने पर भी जोर दिया। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि रोजगार संबंधी मामलों में लोगों को शिकायत लेकर दोबारा न आना पड़े। जिलाधिकारी ने लटकते तारों झूलते एवं जर्जर विद्युत पोलों की शिकायत पर अधिशासी अभियंता विद्युत को कनिष्ठ अभियंताओं की बैठक लेकर नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरखोला, सुनार गांव एवं धरगांव में जंगली जानवरों से सुरक्षा के लिए सोलर लाइट लगाने पुरानी सोलर लाइटों के सुधारीकरण प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना की सब्सिडी तथा नवजागृति पब्लिक स्कूल लद्वाड़ी में विद्युत पोल शिफ्ट करने से जुड़े मामलों में भी आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। धरगांव में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की सड़क कटिंग से मलबा आने के कारण क्षतिग्रस्त पेयजल लाइन के लिए मौका निरीक्षण कर मरम्मत कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि सुनार गांव में संपर्क मार्ग के लिए सर्वे कर मेरा गांव मेरी सड़क योजना के तहत प्रस्ताव तैयार होगा। जिलाधिकारी ने मजरा महादेव-सौड़ और नौड़ी-सौड़ सड़क के मरम्मतीकरण में मौका निरीक्षण के बाद कार्रवाई चुठाणी गांव की सड़क के निर्माण में तेजी तथा सांकरसैंण मार्ग पर गड्ढों के भरान के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग खंड धुमाकोट के अधिशासी अभियंता को कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही बगेली में सड़क कटिंग का मुआवजा नहीं मिलने पर अधिशासी अभियंता पाबौ एवं उपजिलाधिकारी को संयुक्त निरीक्षण करने के निर्देश दिए। चाकीसैंण-चौंरा मुख्य मार्ग से ईड़ा ग्वींठ की खराब सड़क के संबंध में अधिशासी अभियंता ने प्राक्कलन शासन को भेजे जाने की जानकारी दी। ग्रामसभा बिरसोड़ा में नई सड़क का सर्वे पूरा होने पर ग्रामवासियों की उपस्थिति में मौके पर अलाइनमेंट की जांच होगी। जिलाधिकारी ने ग्रामीण निर्माण विभाग को उसी दिन मौका निरीक्षण कर सड़क का स्लोप सही करने के निर्देश दिए। साथ ही पेंटिंग वाली सड़कों का काम शीघ्र पूरा करने तथा शासन में भेजे गए सड़क प्रस्तावों का लगातार फॉलोअप रखते हुए स्वीकृति मिलते ही कार्य शुरू करने पर भी जोर दिया। तहसील में जिलाधिकारी ने घुलेख में राशन कार्ड में नाम जोड़ने एवं हटाने में हो रही देरी की शिकायत पर उपजिलाधिकारी से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही घतटौली से संबंधित शिकायत की भी जांच करने को कहा। उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत मिशन में दूसरी किश्त नहीं मिलने के मामले में परियोजना निदेशक स्वजल जांच करेंगे। तिरपाली गांव में शौचालय नहीं होने की शिकायत पर पीडी स्वजल ने ग्रामसभा द्वारा शौचालय बनाए जाने की जानकारी दी जिस पर शौचालय निर्माण के साक्ष्य सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने श्रृंगऋषि मंदिर में टिनशेड शौचालय आदि निर्माण के लिए डीएफओ को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने ईड़ा नौगांव में चेकडैम निर्माण पुराने वन मार्ग के मरम्मतीकरण गूल निर्माण एवं जीर्णोद्धार सहित अन्य कार्यों में भी संबंधित विभागों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिक झाड़ियों वाले क्षेत्रों में आवश्यकता के अनुसार बुशकटर उपलब्ध कराने को भी कहा गया। मजरा महादेव क्षेत्र में टाल की मांग पर आवश्यक व्यवस्था का आश्वासन दिया गया। जिलाधिकारी ने खंड तल्ला में कूड़ा निस्तारण नहीं होने की शिकायत पर मुख्य विकास अधिकारी को कूड़ा उठान की नियमित निगरानी तथा कूड़ा संग्रहण केंद्रों की जियो-टैग फोटो के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। तहसील दिवस में शासन की योजनाओं से जुड़े मामलों और रोजगारपरक आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करने पर भी जोर दिया गया। ग्राम पंचायतों में महिला प्रधानों की प्रभावी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए डीपीआरओ एवं बीडीओ को निर्देशित किया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील दिवस बीडीसी बैठकों सहित अन्य बैठकों में महिला ग्राम प्रधान स्वयं प्रतिभाग करें और उनके स्थान पर किसी अन्य व्यक्ति को प्रतिनिधि बनाकर न भेजा जाए। ब्लॉक प्रमुख सुनीता देवी ने कहा कि थलीसैंण क्षेत्र अत्यधिक उत्पादन वाला क्षेत्र है। उन्होंने क्षेत्र की जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने के लिए तहसील दिवस आयोजित किए जाने पर आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य टीला शिव चरण नौटियाल मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी डीएफओ गढ़वाल महातिम यादव संयुक्त मजिस्ट्रेट गौरी प्रभात मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ.मेघना असवाल मुख्य शिक्षाधिकारी अत्रेश सयाना मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ.विशाल शर्मा अधिशासी अभियंता जल संस्थान टी.एस.रावत अधिशासी अभियंता लोनिवि लोकेश सारस्वत अधिशासी अभियंता पीएमजीएसवाई पी.आर.चमोली जिला समाज कल्याण अधिकारी रोहित सिंह परियोजना अधिकारी उरेडा चंद्र प्रकाश उपाध्याय जिला पर्यटन अधिकारी के.के.जोशी खंड विकास अधिकारी टीका राम परियोजना अधिकारी स्वजल दीपक रावत एडीपीआरओ प्रदीप सुंदरियाल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।
