प्रदीप कुमार
लक्सर-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। नशीले पदार्थों की तस्करी और बिक्री करने वालों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में लक्सर पुलिस ने वर्ष 2025 से नशीले पदार्थों से जुड़े दो मामलों में वांछित चल रहे एक आरोपी को उत्तर प्रदेश के बदायूं से गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में नशीले पदार्थों का कारोबार करता था और गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री करने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करते हुए उनकी धरपकड़ और गिरफ्तारी के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली लक्सर प्रवीण सिंह कोश्यारी ने पुलिस टीम गठित कर वांछित आरोपी की तलाश और गिरफ्तारी के लिए रवाना किया। पुलिस टीम ने लगातार प्रयास करते हुए उत्तर प्रदेश के गैर-जनपद बदायूं में दबिश दी। 1 सितंबर 2026 को थाना सिविल लाइन जनपद बदायूं क्षेत्र से वर्ष 2025 से वांछित एवं फरार चल रहे धर्मेन्द्र पुत्र जगदीश उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम दियोरीजीत थाना बिनावर जनपद बदायूं उत्तर प्रदेश को हिरासत में लिया गया। हिरासत में लेने के दौरान उसके कब्जे से रियलमी कंपनी का एक मोबाइल फोन भी बरामद हुआ। पुलिस जांच में धर्मेन्द्र का नाम वर्ष 2025 में कोतवाली लक्सर में दर्ज नशीले पदार्थों से जुड़े मामलों में गिरफ्तार आरोपियों को अवैध अफीम उपलब्ध कराने तथा उसे उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश में बिकवाने के मामले में सामने आया था। इसके बाद से वह गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और फरार चल रहा था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार वांछित आरोपी के विरुद्ध नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी वरिष्ठ उपनिरीक्षक नितिन चौहान उपनिरीक्षक यशवीर सिंह नेगी हेड कांस्टेबल अरविन्द रावत और कांस्टेबल धजवीर चौहान शामिल रहे।
