प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली कलियर क्षेत्र में बेड़पुर चौक के पास रात में तमंचे से फायरिंग कर जान से मारने की धमकी देने की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा भी बरामद किया है। पुलिस के अनुसार होटल स्वामी से खाने-पीने को लेकर हुए विवाद के चलते आरोपी के मन में रंजिश थी और उसने अपने दोस्तों के साथ मिलकर होटल स्वामी को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। घटना में शामिल अन्य सहयोगियों की तलाश जारी है। पुलिस के अनुसार 24 अगस्त 2026 को बेड़पुर कलियर निवासी सुहेब ने शिकायत दी थी कि त्यागी ढाबा बेड़पुर चौक के पास कुछ अज्ञात व्यक्तियों ने उस पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से फायरिंग की और जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने घटना के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने घटना के शीघ्र अनावरण के लिए विभिन्न स्तरों पर डिजिटल और मैनुअल साक्ष्य जुटाए तथा मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। पुलिस की जांच के दौरान घटना में विशु सैनी का नाम प्रकाश में आया। इसके बाद पुलिस ने 1 सितंबर 2026 को विशु सैनी को खादर वाली रोड से हिरासत में लिया। उसकी निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया 12 बोर का तमंचा बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशु सैनी पुत्र अरुण कुमार निवासी ग्राम गुम्मावाला थाना पिरान कलियर जनपद हरिद्वार उम्र 22 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक 12 बोर का तमंचा बरामद किया है। पुलिस के अनुसार घटना में शामिल आरोपी के अन्य सहयोगियों की तलाश की जा रही है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भण्डारी उपनिरीक्षक अमित नौटियाल हेड कांस्टेबल संजय रावत हेड कांस्टेबल बबलू कुमार और कांस्टेबल मौ. आबिद शामिल रहे।
