प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। विकास भवन सभागार में बुधवार को मुख्य विकास अधिकारी डॉ.अभिषेक त्रिपाठी की अध्यक्षता में बीस सूत्रीय कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जुलाई 2026 तक की प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई। इस दौरान निर्धारित लक्ष्यों के सापेक्ष उपलब्धियों प्रगति की स्थिति तथा विभागों द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली गई। मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों से उनके विभाग के अंतर्गत आने वाले बीस सूत्रीय कार्यक्रम के बिंदुओं की विस्तृत जानकारी लेते हुए कहा कि निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति के लिए योजनाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए। उन्होंने विशेष रूप से कम प्रगति वाले बिंदुओं पर ध्यान केंद्रित करते हुए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि बीस सूत्रीय कार्यक्रम के अंतर्गत संचालित योजनाओं का सीधा संबंध जनहित और जनकल्याण से है। इसलिए योजनाओं का लाभ पात्र एवं जरूरतमंद लोगों तक पहुंचाने के साथ ही कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की नियमित निगरानी की जाए। विभागीय अधिकारी अपने-अपने स्तर पर योजनाओं की निरंतर समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय से पूरा करना सुनिश्चित करें। बैठक में बीस सूत्रीय कार्यक्रम के विभिन्न बिंदुओं की प्रगति विभागों द्वारा किए गए कार्यों तथा लक्ष्य के सापेक्ष उपलब्धियों पर चर्चा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपने-अपने विभाग से जुड़ी योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की और आगामी अवधि में निर्धारित लक्ष्यों को पूरा करने की कार्ययोजना की जानकारी दी। बैठक में जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी विनय जोशी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
