प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल।जनपद में लंबित विवेचनाओं एवं शिकायतों के त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण को लेकर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे ने चंबा सर्किल के चार थानों का आदेश कक्ष लिया। इस दौरान कोतवाली चंबा कोतवाली कैंपटी थाना छाम और थाना थत्यूड़ में लंबित विवेचनाओं पार्ट पेंडिंग प्रकरणों पुनर्विवेचनाओं राजस्व संबंधी मामलों लंबित अहकामात शिकायती प्रार्थना पत्रों तथा मुख्यमंत्री हेल्पलाइन की जांचों की समीक्षा की गई। आदेश कक्ष में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही जमानती और गैर जमानती वारंटों की भी समयबद्ध तामील करने को कहा गया। इस दौरान प्रत्येक प्रकरण की प्रगति उसके लंबित रहने के कारणों तथा शीघ्र निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की समीक्षा की गई। संबंधित क्षेत्राधिकारी ने लंबित प्रकरणों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी विवेचकों को प्रकरणों का समयबद्ध निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि लंबित विवेचनाओं और शिकायती प्रार्थना पत्रों के निस्तारण में किसी प्रकार का अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। प्रत्येक प्रकरण में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विवेचनाओं की गुणवत्ता साक्ष्यों के संकलन तथा पीड़ित और शिकायतकर्ता की समस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। टिहरी पुलिस द्वारा लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा के माध्यम से जवाबदेही और कार्यकुशलता बढ़ाने के साथ-साथ आमजन की शिकायतों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने की दिशा में लगातार कार्य किया जा रहा है। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक दीपक सिंह क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के वाचक प्रवींद्र सिंह रावत चारों थानों के थाना प्रभारी और विवेचक मौजूद रहे।
