Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। प्रदेश में संचालित 100 दिवसीय नशामुक्ति अभियान के तहत देहरादून स्थित स्टेट नर्सिंग कॉलेज में छात्र-छात्राओं ने नशे से दूर रहने की शपथ ली। कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री डॉ.धन सिंह रावत ने छात्र-छात्राओं को नशे के दुष्प्रभावों से दूर रहने तथा अपने परिवार मित्रों और समाज को भी नशे के खिलाफ जागरूक करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के दौरान डॉ.रावत ने कहा कि युवाशक्ति देश और प्रदेश की सबसे बड़ी ताकत है। एक स्वस्थ जागरूक और नशामुक्त समाज के निर्माण में युवाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि नशा केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को प्रभावित नहीं करता बल्कि उसके परिवार और पूरे समाज पर भी गंभीर प्रभाव डालता है। ऐसे में नशे के खिलाफ लड़ना समाज के प्रत्येक व्यक्ति की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से कहा कि वे स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करें। विशेष रूप से स्वास्थ्य एवं नर्सिंग क्षेत्र से जुड़े विद्यार्थी समाज में जनजागरूकता फैलाने और लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। कैबिनेट मंत्री ने युवाओं से आह्वान किया कि वे नशे के विरुद्ध चल रहे अभियान को जनांदोलन का स्वरूप देने में अपनी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि युवा अपने संकल्प व्यवहार और जागरूकता के माध्यम से समाज को नशामुक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने संकल्प लिया कि वे स्वयं किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहेंगे तथा अपने परिवार मित्रों और समाज को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करेंगे। उन्होंने स्वस्थ सुरक्षित एवं नशामुक्त उत्तराखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का भी संकल्प लिया। इस अवसर पर रजिस्ट्रार नर्सिंग काउंसिल मनीषा ध्यानी प्राचार्य स्टेट नर्सिंग कॉलेज ममता कपरुवाण सहित अन्य विभागीय अधिकारी, नर्सिंग फैकल्टी और नर्सिंग छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *