Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सुरक्षित सुगम और नियंत्रित यातायात व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही पर्वतीय क्षेत्र की शांति एवं कानून व्यवस्था को अक्षुण्ण रखने के उद्देश्य से रुद्रप्रयाग पुलिस द्वारा सभी थाना और चौकी क्षेत्रों में व्यापक स्तर पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक के निर्देशन एवं पुलिस उपाधीक्षक के निकट पर्यवेक्षण में यह अभियान निरंतर जारी है। अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाना शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना तथा आमजन और पर्यटकों की यात्रा को सुरक्षित बनाना है। अभियान के दौरान शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की नियमित रूप से जांच की जा रही है। नशे की हालत में वाहन चलाकर स्वयं और दूसरों की जान जोखिम में डालने वाले वाहन चालकों की ब्रीथ एनालाइजर और एल्कोमीटर से जांच की जा रही है। इसके साथ ही यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस द्वारा ओवरस्पीडिंग बिना हेलमेट या सीटबेल्ट वाहन चलाने खतरनाक तरीके से वाहन संचालन बिना वैध दस्तावेजों के वाहन चलाने तथा ओवरलोडिंग करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का उद्देश्य यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की संभावनाओं को कम करना है। इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग मचाने रैश ड्राइविंग करने और शांति व्यवस्था भंग करने वाले लोगों पर भी पुलिस की नजर है। संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की गहनता से जांच की जा रही है ताकि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था बनी रहे और किसी भी तरह की अवांछित गतिविधि को समय रहते रोका जा सके। रुद्रप्रयाग पुलिस ने आमजन से वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पूर्ण रूप से पालन करने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी दशा में शराब या अन्य नशे का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। दोपहिया वाहन चालक अनिवार्य रूप से हेलमेट और चार पहिया वाहन चालक सीटबेल्ट का प्रयोग करें। पुलिस ने पर्वतीय मार्गों पर वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि ओवरटेक करते समय सतर्क रहें और निर्धारित गति सीमा का ध्यान रखें। पुलिस ने आमजन एवं पर्यटकों से सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने का भी आग्रह किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *