Spread the love

प्रदीप कुमार
रुड़की/हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। जमीन बेचने के नाम पर 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने और फर्जी एवं जाली बैनामा तैयार करने के आरोप में रुड़की पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे वांछित आरोपी कल्याण सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस टीम ने उसे 5 सितंबर 2026 को जेल के सामने से हिरासत में लिया। इस मामले में एक अन्य आरोपी अनुज कुमार को पुलिस पूर्व में गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के अनुसार 3 जुलाई 2026 को देशराज पुत्र फूल सिंह निवासी ग्राम जसवावाला तहसील रुड़की जनपद हरिद्वार ने कोतवाली रुड़की में शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया था कि ग्राम सैदपुरा थाना मंगलौर निवासी अनुज कुमार पुत्र कल्याण सिंह और कल्याण सिंह पुत्र सावल दास ने जमीन बेचने के नाम पर उनसे 12 लाख रुपये की धोखाधड़ी की। आरोप है कि इसके साथ ही उनके पक्ष में फर्जी एवं जाली बैनामा भी तैयार किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने स्वयं संज्ञान लेते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी रुड़की के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रुड़की ने पुलिस टीम गठित की। टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे थे। पुलिस कार्रवाई के दौरान मामले में वांछित अनुज कुमार पुत्र कल्याण सिंह को 17 अगस्त 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद पुलिस दूसरे वांछित आरोपी कल्याण सिंह की तलाश में जुटी हुई थी। इसी क्रम में 5 सितंबर 2026 को पुलिस टीम ने कल्याण सिंह पुत्र सावल दास निवासी ग्राम सैदपुरा थाना मंगलौर तहसील रुड़की जनपद हरिद्वार को जेल के सामने से हिरासत में ले लिया। पुलिस द्वारा उसके विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी कल्याण सिंह पुत्र सावल दास निवासी ग्राम सैदपुरा थाना मंगलौर तहसील रुड़की जनपद हरिद्वार। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक पुष्पेन्द्र सिंह कांस्टेबल लईक अहमद और होमगार्ड कपिल कुमार शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *