प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। तोता घाटी क्षेत्र में खाई में गिरे वाहन और उसके साथ लापता हुए व्यक्ति की तलाश के लिए टिहरी पुलिस का सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान लगातार जारी है। भारी बारिश घने कोहरे और विषम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच देवप्रयाग पुलिस एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें आपदा उपकरणों के साथ लगातार खोजबीन में जुटी हुई हैं। 5 सितंबर 2026 को डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि तोता घाटी क्षेत्र में एक वाहन खाई में गिर गया है जिसमें एक व्यक्ति मौजूद है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए देवप्रयाग पुलिस एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें तत्काल आपदा उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि वाहन में कुल चार लोग सवार थे और सभी केदारनाथ से राजस्थान की ओर जा रहे थे। तोता घाटी के पास चारों लोग शौच के लिए वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर रुके थे। इस दौरान तीन लोग वाहन से नीचे उतर गए जबकि एक व्यक्ति वाहन के अंदर ही बैठा रहा। ढलान होने के कारण वाहन पीछे की ओर खिसक गया और करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई की ओर नदी की दिशा में जा गिरा। वाहन के अंदर बैठे व्यक्ति के भी वाहन के साथ खाई में गिरने की आशंका को देखते हुए पुलिस एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमों ने तत्काल सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू कर दिया।
देर रात तक चला सघन सर्च अभियान
घटना की सूचना मिलने के बाद देवप्रयाग पुलिस ने एसडीआरएफ और फायर सर्विस के साथ मिलकर खाई और नदी क्षेत्र में वाहन तथा उसमें सवार व्यक्ति की तलाश शुरू की। टीमों ने विषम परिस्थितियों के बावजूद देर रात तक संभावित स्थानों पर गहन खोजबीन की। हालांकि लगातार हो रही भारी बारिश घने कोहरे दुर्गम और अत्यंत खतरनाक भू-भाग तथा नदी क्षेत्र में बढ़ी कठिनाइयों के कारण रेस्क्यू टीमों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देर रात सर्च अभियान को अस्थायी रूप से रोकना पड़ा।
भारी बारिश और कोहरे के बीच फिर शुरू हुआ अभियान
लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश को प्राथमिकता देते हुए 6 सितंबर 2026 को देवप्रयाग पुलिस एसडीआरएफ और फायर सर्विस की टीमें भारी बारिश और घने कोहरे के बीच दोबारा मौके पर पहुंचीं और सघन सर्च एवं रेस्क्यू अभियान शुरू किया। रेस्क्यू टीमों द्वारा खाई नदी की ओर जाने वाले संभावित मार्गों और आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार खोजबीन की जा रही है। विषम परिस्थितियों के बावजूद पुलिस और राहत-बचाव दल पूरी तत्परता के साथ लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश में जुटे हैं। अभियान के दौरान सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है।
*वाहन में सवार लोगों का विवरण*
लापता व्यक्ति की पहचान देवी लाल पुत्र बद्रीलाल निवासी सगनेर, शाहपुर रोड कीर खेड़ा मेडिकल कॉलेज के सामने थाना सुभाष नगर जिला भीलवाड़ा राजस्थान उम्र 46 वर्ष के रूप में हुई है। वह वाहन स्वामी भी हैं और घटना के समय वाहन में मौजूद थे। देवी लाल के साथ यात्रा कर रहे अन्य लोगों में पंकज कुमार पुत्र मदनलाल निवासी भीलवाड़ा थाना गांधीनगर जिला भीलवाड़ा राजस्थान उम्र 31 वर्ष ईश्वर तेली पुत्र शंकर लाल निवासी पुर थाना पुर जिला भीलवाड़ा राजस्थान उम्र 25 वर्ष तथा लखन शाह पुत्र देवी लाल निवासी सगनेर शाहपुर रोड कीर खेड़ा मेडिकल कॉलेज के सामने थाना सुभाष नगर जिला भीलवाड़ा राजस्थान उम्र 17 वर्ष शामिल हैं। टिहरी पुलिस द्वारा लापता व्यक्ति और वाहन की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन लगातार जारी है। राहत एवं बचाव दल प्रतिकूल मौसम और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बीच पूरी तत्परता के साथ अभियान में जुटे हुए हैं।
