प्रदीप कुमार
सिडकुल-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। अन्नेकी हेतमपुर रोशनाबाद निवासी पंकज कुमार ने थाना सिडकुल में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि रानी रो नदी के पास दोपहर के समय चार अज्ञात लोगों ने तमंचे के बल पर उससे पल्सर मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन लूट लिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम का गठन किया गया। गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल और उसके आसपास आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक करते हुए घटना में शामिल आरोपियों और वाहन के संबंध में जानकारी जुटाई। इसके साथ ही पुलिस ने वादी से घटना के संबंध में जानकारी ली तथा अन्य संदिग्ध व्यक्तियों से आवश्यक पूछताछ की। पुलिस के लगातार प्रयासों के दौरान टीम ने घटना में शामिल दीपक और आकाश उर्फ पहाड़ी को नवोदय स्कूल के सामने लगने वाली पीठ मैदान के पास से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों से घटना के संबंध में सख्ती से पूछताछ की। पूछताछ में दीपक ने बताया कि 23 सितंबर 2026 को थाना रायपुर देहरादून में एक महिला के अपहरण का प्रयास करने के मामले में गिरफ्तारी के डर से वह और उसके साथी छिपते-छिपाते कार से हरिद्वार आ गए थे। 24 सितंबर 2026 को उनका एक साथी अपने घर चला गया। इसके बाद दीपक और तीन अन्य युवकों ने पेंटागन मॉल के पीछे नदी के पास शराब पी। आरोपी ने बताया कि पैसों की कमी होने के चलते उन्होंने नदी के किनारे कार खड़ी की और कच्चे रास्ते से गुजर रहे एक बाइक सवार व्यक्ति को रोककर तमंचे के बल पर उसकी पल्सर मोटरसाइकिल मोबाइल फोन और पर्स लूट लिया। इसके बाद सभी मौके से फरार हो गए। पकड़े गए आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनके अन्य साथी मोटरसाइकिल और मोबाइल फोन बेचने गए हैं जो अब तक वापस नहीं लौटे हैं। फरार वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से स्विफ्ट कार एक आरसी एक आधार कार्ड एक पर्स और एक हजार रुपये बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों में दीपक पुत्र दिलीप कुमार निवासी ग्राम खागा थाना खागा जिला फतेहपुर सिकरी उत्तर प्रदेश हाल निवासी विष्णु लोक कॉलोनी रानीपुर जनपद हरिद्वार उम्र 21 वर्ष तथा आकाश उर्फ पहाड़ी पुत्र अनिल निवासी ग्राम नगर थाना पौड़ी जनपद पौड़ी गढ़वाल हाल निवासी मकान नंबर 1028 विष्णु लोक कॉलोनी थाना रानीपुर जनपद हरिद्वार उम्र 26 वर्ष शामिल हैं। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष अजय शाह वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रवीण बिष्ट उपनिरीक्षक इंद्रजीत सिंह राणा उपनिरीक्षक अनिल बिष्ट हेड कांस्टेबल संजय और कांस्टेबल मनीष कुमार शामिल रहे।
