प्रदीप कुमार
पथरी-हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। 25 सितंबर 2026 को मध्य प्रदेश निवासी एक युवती ने थाना पथरी में प्रार्थना पत्र देकर कुछ व्यक्तियों पर बंधक बनाकर दुष्कर्म करने और धर्म परिवर्तन कराने के संबंध में शिकायत दी थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना पथरी पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। प्रकरण का संज्ञान लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार ने थानाध्यक्ष पथरी को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। निर्देशों के अनुपालन में थानाध्यक्ष पथरी ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया। पुलिस टीम ने तत्काल घटनास्थल का निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ की। इसके साथ ही घटनास्थल एवं डिजिटल साक्ष्यों को खंगाला गया तथा आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित स्थानों पर लगातार दबिश दी गई। पुलिस टीम के प्रयासों के दौरान 26 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर मामले के मुख्य आरोपी को गुर्जर बस्ती से काठा पीर जाने वाले मार्ग से हिरासत में लिया गया। आरोपी की पहचान शाहरुख पुत्र निसार निवासी ग्राम बादशाहपुर थाना पथरी जनपद हरिद्वार के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में महिला उपनिरीक्षक शाहिदा परवीन कांस्टेबल जयपाल सिंह और कांस्टेबल जयपाल चौहान शामिल रहे।
