Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कोतवाली भगवानपुर क्षेत्र में पेट्रोल पंप कर्मी से 9,500 रुपये की लूट की घटना का हरिद्वार पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूट की रकम में से बचे 3,000 रुपये घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया है। घटना 24 सितंबर 2026 की रात सिकन्दरपुर स्थित हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर हुई थी। दो अज्ञात व्यक्ति पेट्रोल पंप पर पहुंचे और 40 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने पेट्रोल पंप पर नियुक्त कर्मी को 200 रुपये का नोट दिया। कर्मी द्वारा 160 रुपये वापस लौटाए जाने के दौरान आरोपियों ने उसके हाथ में रखे 9,500 रुपये लूट लिए। पीछा करने का प्रयास करने पर आरोपियों ने तमंचा दिखाकर गोली मारने की धमकी दी और फरार हो गए। घटना को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी नवनीत सिंह ने वारदात के शीघ्र खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के निर्देश दिए। इसके बाद पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी फुटेज का गहनता से अवलोकन किया। साथ ही संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की लगातार चेकिंग की गई। 26 सितंबर 2026 की देर रात पुलिस टीम ने सिकन्दरपुर-सिरचन्दी मार्ग पर चेकिंग के दौरान मोटरसाइकिल पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़ लिया। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हिन्दुस्तान पेट्रोलियम पंप पर लूट की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया। आरोपियों के कब्जे से लूटी गई रकम में से बचे 3,000 रुपये घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर बरामद किया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान वंश उर्फ कृष पुत्र अशोक उर्फ नारायण निवासी बहेड़ी गुर्जर थाना गागलहेड़ी सहारनपुर उम्र 19 वर्ष तथा अमित उर्फ प्रिन्स पुत्र नाथीराम निवासी साधारणसिर थाना नागल सहारनपुर उम्र 20 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से पूछताछ की जा रही है तथा उनके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस के अनुसार बरामदगी में लूट के 3,000 रुपये घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और एक देशी तमंचा 315 बोर शामिल है। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीव चौहान उपनिरीक्षक मुकेश नोटियाल हेड कांस्टेबल गीतम सिंह हेड कांस्टेबल सिकन्दर तोमर कांस्टेबल रविन्द्र राणा कांस्टेबल रमेश चौहान और कांस्टेबल उवैदुल्ला शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *