Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। चमोली पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ उनकी हर छोटी-बड़ी परेशानी में मदद के लिए लगातार तत्परता से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस ने अलग-अलग मामलों में यात्री का खोया मोबाइल बरामद करने के साथ ही अपनों से बिछड़ी नौ वर्षीय बच्ची को उसके परिजनों से मिलाया। पहले मामले में गौरीशंकर निवासी कटनी मध्य प्रदेश मंदिर से दर्शन कर बाजार की ओर आ रहे थे। इसी दौरान उनका मोबाइल फोन कहीं गिर गया। भारी बारिश के कारण उन्होंने फोन को पॉली कवर में रखा था। फोन गिरने के बाद उसकी तलाश करना भी चुनौतीपूर्ण था। सूचना मिलने पर कांस्टेबल शीशपाल एवं कांस्टेबल राजेन्द्र सिंह ने विपरीत मौसम की परवाह किए बिना करीब एक घंटे तक आसपास के क्षेत्र में तलाश की। अथक प्रयासों के बाद मोबाइल फोन बरामद कर सुरक्षित यात्री के सुपुर्द किया गया। अपना मोबाइल वापस पाकर यात्री ने चमोली पुलिस का आभार व्यक्त किया। वहीं दूसरे मामले में तिलवाड़ा रुद्रप्रयाग निवासी नौ वर्षीय शिवांशी गोस्वामी अपने परिजनों से बिछड़ गई थी। बच्ची को पुलिस द्वारा सुरक्षित पुलिस कंट्रोल रूम लाया गया। बच्ची के परिजनों की तलाश के लिए कंट्रोल रूम से लगातार 10 से 15 बार अनाउंसमेंट कराया गया। अनाउंसमेंट के बाद बच्ची के मामा सुनील प्रसाद कंट्रोल रूम पहुंचे। पुलिस द्वारा आवश्यक पूछताछ एवं सत्यापन के बाद बच्ची को सकुशल उसके मामा के सुपुर्द किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *