प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने तथा सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी के निर्देशन में संचालित अभियान के तहत यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोटद्वार पुलिस द्वारा विभिन्न स्थानों पर की गई चेकिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 5 वाहन चालकों के विरुद्ध कार्रवाई की गई। इस दौरान 3 कार और 2 मोटरसाइकिलों को सीज किया गया। संबंधित सभी वाहन चालकों को गिरफ्तार कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की गई। इसके साथ ही नाबालिगों द्वारा दोपहिया वाहन चलाने एवं यातायात नियमों की अनदेखी करने की शिकायतों के दृष्टिगत कोटद्वार पुलिस एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान 2 दोपहिया वाहनों को सीज किया गया। पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने की अनुमति न दें। कम आयु एवं अनुभव के अभाव में सड़क दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। पुलिस ने वाहन चालकों से वाहन चलाते समय हेलमेट सीट बेल्ट एवं अन्य यातायात नियमों का पालन करने की अपील करते हुए कहा कि सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
