Spread the love

प्रदीप कुमार
कोटद्वार-पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। कोटद्वार में मोटरसाइकिल चोरी की घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को चोरी की मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी करीब 37 माह जेल में रहने के बाद लगभग एक माह पहले ही रिहा हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी पहले भी एनडीपीएस अधिनियम और चेक बाउंस से संबंधित मामलों में जेल जा चुका है। 11 अक्टूबर 2026 को कोटद्वार निवासी मनीष नेगी ने कोतवाली कोटद्वार में सूचना दी कि उनकी अपाचे मोटरसाइकिल UK 15B-3190 अज्ञात व्यक्ति चोरी कर ले गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रभारी निरीक्षक कोटद्वार प्रदीप नेगी के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही तकनीकी साक्ष्यों और स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की गई। पुलिस की लगातार कोशिशों और प्रभावी चेकिंग के परिणामस्वरूप चोरी की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई। पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के आरोप में सागर चौहान पुत्र हरेंद्र सिंह निवासी सिंबलचौड़ कोटद्वार को मंडी के पास से गिरफ्तार किया। आरोपी के संबंध में जानकारी जुटाने पर पता चला कि वह पूर्व में एनडीपीएस अधिनियम और चेक बाउंस से संबंधित मामलों में जेल जा चुका है। वह करीब 37 माह जेल में निरुद्ध रहने के बाद लगभग एक माह पहले ही रिहा हुआ था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई पूरी करने के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *