प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। हरिद्वार जिले के नगर पंचायत सुल्तानपुर में 15 अक्टूबर 2026 को सेवा संकल्प अभियान के तहत जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। उत्तराखंड शासन के निर्देशों और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में आयोजित शिविर की अध्यक्षता राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने की। शिविर में 250 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की सेवाओं और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाया। इस दौरान 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री ओम प्रकाश जमदग्नि ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के तहत बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को अपने क्षेत्र में ही विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही लोगों की समस्याएं सुनकर उनका समाधान किया जा रहा है और पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अधिकारी जनसमस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और आपसी समन्वय से कार्य करें। यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। आमजन को सरकारी सेवाओं का लाभ सरलता पारदर्शिता और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। इस दौरान उप जिलाधिकारी लक्सर अनिल शुक्ला ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के अनुरूप संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाने के साथ ही जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी क्षेत्रवासियों को उपलब्ध कराई। स्टॉलों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही पात्र लाभार्थियों के आवेदन भी प्राप्त किए गए। शिविर के दौरान कुल 20 शिकायतें मिलीं जिनमें से 14 का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गईं। शिविर के माध्यम से कुल 220 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर पूर्व विधायक संजय गुप्ता नगर पंचायत अध्यक्ष के प्रतिनिधि बाबू ताहिर हसन अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत प्रियंका ध्यानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
