प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए पौड़ी पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ सघन चेकिंग अभियान चलाया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी सर्वेश पंवार के निर्देश पर जनपद में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत पुलिस टीमों ने दैनिक चेकिंग के दौरान कोटद्वार में दो और श्रीनगर में एक वाहन चालक को शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़ा। पुलिस ने तीनों चालकों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की। साथ ही उनके वाहनों को सीज कर दिया गया। पौड़ी पुलिस ने सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए वाहन चालकों से यातायात नियमों का पालन करने और शराब के नशे में वाहन नहीं चलाने की अपील की है।
