Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। गढ़वाल मंडल आयुक्त आनंद स्वरूप ने निर्धारित समयसीमा तक सड़कों को गड्ढामुक्त करने का कार्य शत प्रतिशत पूरा नहीं होने पर कड़ी नाराजगी जताई है। गुरुवार को कैंप कार्यालय में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के साथ आयोजित समीक्षा बैठक में उन्होंने संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाते हुए शेष कार्य 16 अक्टूबर 2026 तक अनिवार्य रूप से पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों को गड्ढामुक्त करने के कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में सड़क निर्माणदायी संस्थाओं के अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों हुई भारी बारिश के कारण सड़कों की मरम्मत और डामरीकरण के लिए आवश्यक अनुकूल तापमान नहीं मिल पाया। इससे मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ। इसके बावजूद जनपद में सड़कों को गड्ढामुक्त करने का लगभग 95 प्रतिशत कार्य पूरा कर लिया गया है। शेष सड़कों पर मरम्मत का कार्य युद्धस्तर पर जारी है। इसे 16 अक्टूबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। इसके लिए सड़कों की मरम्मत और गड्ढामुक्ति के कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने सभी निर्माणदायी संस्थाओं को अपने अधीनस्थ सड़कों की स्थिति की स्वयं निगरानी करने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि मरम्मत कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करना सुनिश्चित किया जाए। आयुक्त ने चेतावनी दी कि कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। बैठक में डीजीएम सरिता बुदियाल और लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता दयानंद के साथ अधीक्षण अभियंता एमपीएस रावत उपस्थित रहे। इसके अलावा पीएमजीएसवाई के मुख्य अभियंता एमके मित्तल और अधिशासी अभियंता रोहित श्रीवास्तव तथा ब्रिडकुल के परियोजना प्रबंधक मनजीत देशवाल मौजूद रहे। राष्ट्रीय राजमार्ग के नोडल अधिकारी सुरेश तोमर और आरडब्ल्यूडी के अधीक्षण अभियंता विनीत कुरेल के साथ बीआरओ के सहायक अधिशासी अभियंता योगम्बर सिंह रावत सहित संबंधित अधिकारी भी बैठक में उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *