प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जनगणना 2027 के द्वितीय चरण की जनसंख्या गणना के सफल और सुचारु संचालन के लिए तहसील सभागार रुद्रप्रयाग में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो गया है। 14 अक्टूबर से शुरू हुआ यह प्रशिक्षण 16 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। प्रशिक्षण में कुल 16 फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से जुड़े विभिन्न पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान फील्ड ट्रेनर्स को जनगणना की प्रक्रिया और उससे संबंधित दिशा-निर्देशों के बारे में बताया जा रहा है। इसके साथ ही जनगणना से जुड़े कार्यों को प्रभावी और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए आवश्यक जानकारी दी जा रही है। इसका उद्देश्य आगामी जनगणना के कार्य को निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरा कराना है। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर सुशील चंद्र चमोली जिला सेवायोजन अधिकारी रुद्रप्रयाग और जनगणना निदेशालय से नितेश रावत शामिल हैं। इनके साथ मास्टर ट्रेनर जगदीश सिंह नेगी तहसीलदार रुद्रप्रयाग तथा गणेश भटगाई रजिस्टर कानूनगो भी प्रशिक्षण से जुड़े हैं। इसके अलावा सूर्य प्रकाश एलआरसी जिला कार्यालय रुद्रप्रयाग और विपिन शाह तहसील रुद्रप्रयाग सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य फील्ड ट्रेनर्स को जनसंख्या गणना से संबंधित तकनीकी और व्यावहारिक जानकारी में दक्ष बनाना है। इससे जनगणना 2027 का कार्य सटीकता और पारदर्शिता के साथ निर्धारित समय सीमा में संपन्न कराने में मदद मिलेगी।
