प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। भारत सरकार के समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत चयनित पीएम श्री विद्यालयों का जनपद टिहरी गढ़वाल में स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। जनपद में वर्तमान में 19 विद्यालय पीएम श्री योजना के अंतर्गत चयनित हैं। इन विद्यालयों में निर्धारित मानकों के अनुसार उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी को नोडल अधिकारी नामित किया गया है। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी ने 15 अक्टूबर 2026 को तीन विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षिक व्यवस्थाओं और उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने सबसे पहले पीएम श्री राजकीय आदर्श प्राथमिक विद्यालय ढुंगीधार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में उपलब्ध शैक्षिक सुविधाओं और बच्चों को दी जा रही शिक्षा की जानकारी ली। विद्यालय में वर्तमान में 114 बच्चे अध्ययनरत हैं। यहां स्मार्ट टीवी और डिजिटल बोर्ड के साथ छह कंप्यूटर तथा लैपटॉप उपलब्ध हैं। विद्यार्थियों के अध्ययन के लिए पुस्तकालय कॉर्नर की सुविधा भी है। पढ़ाई के साथ विद्यालय में योग और खेलकूद के अलावा संगीत तथा सांस्कृतिक गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में शुद्ध पेयजल और अलग-अलग शौचालयों की व्यवस्था पाई गई। विद्यालय परिसर में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन उपकरण भी उपलब्ध मिले। अपर जिलाधिकारी ने मध्याह्न भोजन व्यवस्था का निरीक्षण किया और भोजन तैयार करने में इस्तेमाल की जा रही खाद्य सामग्री के संबंध में जानकारी ली। इसके बाद अपर जिलाधिकारी ने पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज जाखणीधार का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने और उपलब्ध संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रयोगशालाओं का नियमित संचालन करने पर जोर दिया। साथ ही अटल टिंकरिंग लैब और रोबोटिक्स सहित अन्य आधुनिक तकनीकी सुविधाओं का विद्यार्थियों के शैक्षिक विकास के लिए अधिकतम उपयोग करने को कहा। अपर जिलाधिकारी ने राजकीय इंटर कॉलेज पौड़ीखाल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यालय में साफ-सफाई व्यवस्था में सुधार करने और प्रयोगशालाओं का उचित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सारणी के अनुसार नियमित रूप से पढ़ाया जाए ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार जाखणीधार प्राची बहुगुणा और जिला एमआईएस प्रभारी समग्र शिक्षा सुरेंद्र सिंह नेगी के साथ मध्याह्न भोजन प्रभारी वीरेंद्र सिंह राणा सहित अन्य संबंधित कर्मचारी उपस्थित रहे।
