Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में जिला खेल विभाग की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत स्पेशल कंपोनेंट प्लान के अंतर्गत अनुसूचित जाति के अंडर-18 बालकों की जिला स्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन बुधवार को स्पोर्ट्स स्टेडियम रुद्रप्रयाग में किया गया। प्रतियोगिता में जनपद की आठ टीमों ने प्रतिभाग किया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को खेल के प्रति प्रोत्साहित करना और उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करना रहा। प्रतियोगिता का उद्घाटन और समापन समारोह नरेंद्र सिंह रौथाण की उपस्थिति में आयोजित हुआ। नरेंद्र सिंह रौथाण कबड्डी एसोसिएशन के पूर्व उपाध्यक्ष हैं। कार्यक्रम में अगस्त्यमुनि की क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी राधिका भी मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। प्रतियोगिता के अंत में जिला क्रीड़ा अधिकारी मनोज चौहान के कर कमलों द्वारा खिलाड़ियों को पुरस्कार वितरित किए गए। प्रतियोगिता का पहला मैच सौंराखाल और लमगौंडी की टीमों के बीच खेला गया जिसमें सौंराखाल की टीम विजयी रही। दूसरे मैच में भणज और जखोली की टीमें आमने-सामने रहीं जिसमें भणज की टीम ने जीत दर्ज की। तीसरे मैच में घंघासू बांगर और टैंठी के बीच मुकाबला हुआ जिसमें टैंठी की टीम विजयी रही। चौथे मैच में तिलवाड़ा और बांगर के बीच मुकाबला हुआ जिसमें तिलवाड़ा की टीम ने जीत हासिल की। पांचवें मैच में सौंराखाल और टैंठी की टीमें भिड़ीं जिसमें सौंराखाल की टीम विजयी रही। छठा मैच तिलवाड़ा और भणज के बीच आयोजित हुआ जिसमें भणज की टीम ने जीत दर्ज की। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों के खिलाड़ियों ने खेल कौशल और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का प्रदर्शन किया। इस अवसर पर आलोक नेगी और हैंडबॉल के कॉन्ट्रैक्ट प्रशिक्षक प्रकाश जगवाण के साथ विजय सिंह रावत तथा शुभम सिंह सहित खेल विभाग के सभी अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *