Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे के निर्देशन में ऑपरेशन प्रहार के तहत नशा तस्करों के विरुद्ध पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। जनपद को नशामुक्त बनाने और मादक पदार्थों की तस्करी एवं बिक्री पर रोक लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत थत्यूड़ पुलिस ने एक अभियुक्त को 4.09 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त एक्टिवा स्कूटर को भी जब्त किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 लाख 22 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार 14 अक्टूबर 2026 को ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत थत्यूड़ पुलिस ने वाहन संख्या UK07FH-0421 यानी एक्टिवा स्कूटर से अवैध स्मैक की तस्करी और परिवहन करते हुए एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान हर्षित पुत्र रोशन लाल शाह उम्र 25 वर्ष निवासी बड़ेथी चुंगी पोस्ट मातली थाना कोतवाली उत्तरकाशी जनपद उत्तरकाशी के रूप में हुई है। अभियुक्त के कब्जे से 4.09 ग्राम अवैध स्मैक बरामद की गई। तस्करी में इस्तेमाल किए जा रहे एक्टिवा स्कूटर को भी जब्त कर लिया गया। इस मामले में थाना थत्यूड़ में मुकदमा दर्ज किया गया है। अभियुक्त को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस उसके आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में उप निरीक्षक जितेन्द्र कुमार और मुख्य आरक्षी मुकेश सिलोड़ी के साथ कांस्टेबल नरेश तोमर तथा कांस्टेबल बृजमोहन शामिल रहे। टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि नशे के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों की सूचना पुलिस को दें और नशामुक्त समाज के निर्माण में सहयोग करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *