Spread the love

प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। रुद्रप्रयाग पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 1 लाख 90 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषणों सहित अन्य कीमती सामान से भरा बैग चार घंटे से भी कम समय में सकुशल बरामद कर उसके स्वामी को सौंप दिया। सीसीटीवी कैमरों की मदद से पुलिस कंट्रोल रूम की टीम ने बैग की तलाश की। अपनी जीवनभर की कमाई और कीमती सामान वापस मिलने पर व्यक्ति भावुक हो गया और उसने पुलिस का आभार व्यक्त किया। पुलिस की सतर्कता और त्वरित निर्णय क्षमता के साथ आपसी समन्वय से यह कार्रवाई सफल रही। 15 अक्टूबर 2026 को स्थानीय पत्रकार कुलदीप आजाद ने कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान को सूचना दी कि पंकज निवासी चंडीगढ़ अपने घर नागनाथ पोखरी से केदारनाथ यात्रा के लिए बस संख्या UK15PA3232 में सवार हुए थे। कर्णप्रयाग पहुंचने पर उन्हें पता चला कि बस की डिग्गी में रखा उनका कीमती बैग गायब है। बैग में 1 लाख 90 हजार रुपये नकद और सोने के आभूषणों के साथ अन्य कीमती सामान रखा हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए कोतवाली रुद्रप्रयाग के प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौहान के अनुरोध पर पुलिस कंट्रोल रूम में तैनात सीसीटीवी प्रभारी सुनील नौटियाल और सीसीटीवी सेल में तैनात मुख्य आरक्षी पंकज सिंह ने तत्काल कार्रवाई शुरू की। टीम ने सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए संबंधित बस के रूट का पता लगाया। सीसीटीवी फुटेज के अवलोकन में संबंधित बस सुबह लगभग नौ बजे जवाड़ी बाईपास के पास दिखाई दी। फुटेज से स्पष्ट हुआ कि अन्य यात्रियों के उतरने के दौरान बस परिचालक ने पंकज का बैग भी नीचे उतार दिया था लेकिन उसे वापस बस में नहीं रखा गया। इस कारण बैग सड़क पर ही छूट गया। रुद्रप्रयाग पुलिस कंट्रोल रूम ने सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से बैग की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी और उसकी अंतिम लोकेशन चिह्नित की। इसके बाद कंट्रोल रूम से भगवती प्रसाद और पीआरडी जवान सुमित को तत्काल मौके पर भेजा गया। पुलिस कर्मियों के समन्वित प्रयासों से जवाड़ी बाईपास पर बैग सकुशल बरामद कर लिया गया। बैग को पुलिस कंट्रोल रूम लाकर उसके स्वामी पंकज को सौंप दिया गया। बैग की जांच करने पर उसमें रखी 1 लाख 90 हजार रुपये की पूरी नकदी और सोने के आभूषणों सहित अन्य कीमती सामान सुरक्षित मिला। अपनी मेहनत की कमाई और कीमती सामान सकुशल वापस पाकर पंकज भावुक हो गए। उनकी आंखों से खुशी के आंसू छलक पड़े। उन्होंने रुद्रप्रयाग पुलिस कंट्रोल रूम की त्वरित कार्रवाई और सतर्कता की सराहना करते हुए पुलिस कर्मियों का आभार व्यक्त किया। इस पूरी कार्रवाई में रुद्रप्रयाग पुलिस कंट्रोल रूम की त्वरित प्रतिक्रिया और सीसीटीवी कैमरों के प्रभावी उपयोग के साथ सटीक निगरानी तथा समयबद्ध निर्णय की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस कर्मियों के आपसी समन्वय से व्यक्ति की जीवनभर की कमाई और कीमती सामान सुरक्षित वापस मिल सका। रुद्रप्रयाग पुलिस की यह कार्रवाई आमजन के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने का सराहनीय उदाहरण बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *