Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने वर्तमान यात्राकाल में चारधाम यात्रा में रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालुओं के आगमन पर प्रसन्नता व्यक्त की है। हरिद्वार भ्रमण के दौरान उन्होंने बताया कि अब तक कुल 59 लाख 8 हजार 972 श्रद्धालु चारों धामों के दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा सुचारू एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित हो रही है और श्रद्धालुओं में यात्रा को लेकर व्यापक उत्साह बना हुआ है। सतपाल महाराज ने बताया कि वर्तमान यात्राकाल में यमुनोत्री धाम में 8 लाख 26 हजार 965 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। गंगोत्री धाम में 9 लाख 29 हजार 664 श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं। केदारनाथ धाम में दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 17 लाख 29 हजार 170 पहुंच गई है। वहीं बदरीनाथ धाम में अब तक 20 लाख 32 हजार 477 श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने बताया कि वर्तमान सीजन की चारधाम यात्रा के लिए अब तक कुल 72 लाख 45 हजार 218 श्रद्धालुओं ने पंजीकरण कराया है। राज्य सरकार श्रद्धालुओं की सुविधा और उनकी सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध है। यात्रा को सुचारू एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित करने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि श्रद्धालु सुविधाजनक तरीके से चारों धामों के दर्शन कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *