प्रदीप कुमार
रुद्रप्रयाग/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देशन में जनपद में संचालित सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत विभिन्न राजकीय इंटर कॉलेजों में करियर काउंसलिंग जागरूकता और निरीक्षण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में राजकीय इंटर कॉलेज चोपड़ा में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने विद्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान छात्र-छात्राओं को करियर काउंसलिंग प्रदान कर उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए मार्गदर्शन किया गया। कार्यक्रम के दौरान समाज कल्याण अधिकारी टीआर मलेठा कृषि अधिकारी लोकेंद्र बिष्ट जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल तथा जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी संदीप भट्ट ने विद्यालय का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने छात्र-छात्राओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा के महत्व करियर के विभिन्न विकल्पों और भविष्य में आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी दी। अधिकारियों ने विद्यार्थियों को अपनी रुचि क्षमता और योग्यता के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए निरंतर मेहनत करना जरूरी है। साथ ही विद्यार्थियों को भविष्य में उपलब्ध विभिन्न शैक्षिक और व्यावसायिक अवसरों की जानकारी देते हुए आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से विद्यार्थियों को करियर संबंधी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने और उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य विद्यार्थियों को भविष्य के विभिन्न अवसरों से परिचित कराने के साथ ही उन्हें आने वाली चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
