प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। तकनीकी शिक्षा विभाग के अंतर्गत विभिन्न राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में चल रहे निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं। कॉलेजों में छात्रावासों के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट डीपीआर शीघ्र शासन को उपलब्ध कराने के साथ ही छात्र-छात्राओं को आधुनिक प्रयोगशालाएं बेहतर पुस्तकालय और खेल सामग्री उपलब्ध कराने को कहा गया है। इसके अलावा रोजगार मेलों के आयोजन की तैयारियां भी अभी से शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं। सूबे के तकनीकी शिक्षा मंत्री डॉ धन सिंह रावत ने शुक्रवार को आमावाला स्थित आईआरडीटी सभागार में तकनीकी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक ली। बैठक में उन्होंने राजकीय पॉलीटेक्निक कॉलेजों में चल रहे निर्माण कार्यों को निर्धारित समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन कॉलेजों में छात्रावासों की आवश्यकता है वहां की डीपीआर प्राथमिकता के आधार पर शासन को उपलब्ध कराई जाए। डॉ रावत ने कॉलेजों में आधुनिक प्रयोगशालाओं और पुस्तकालयों के निर्माण पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि पॉलीटेक्निक कॉलेजों में अधिकांश छात्र-छात्राएं छात्रावासों में रहते हैं। ऐसे में उन्हें बेहतर पुस्तकालय और खेल सामग्री के साथ शुद्ध पेयजल ओपन जिम तथा आवश्यक फर्नीचर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए। इन सुविधाओं को उपलब्ध कराने के लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को शीघ्र प्रस्ताव शासन को भेजने के निर्देश दिए। बैठक में तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य ध्यान युवाओं को अधिक से अधिक रोजगार उपलब्ध कराने पर है। इसके लिए उन्होंने विभागीय अधिकारियों को आगामी नवंबर माह में बड़े स्तर पर तीन रोजगार मेले आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन रोजगार मेलों में पॉलीटेक्निक से पढ़ाई पूरी कर चुके छात्र-छात्राओं के साथ ही अन्य बेरोजगार युवाओं को भी शामिल किया जाएगा ताकि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकें। उन्होंने अधिकारियों को रोजगार मेलों की तैयारियां अभी से शुरू करने को कहा। बैठक के दौरान विभागीय अधिकारियों ने पावरपॉइंट प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्माण कार्यों की जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि राजकीय पॉलीटेक्निक लोहाघाट सल्ट दन्या गरुड़ गैरसैंण नई टिहरी पंतनगर और काशीपुर में भवन निर्माण कार्य अंतिम चरण में हैं। इन निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कर लिया जाएगा। बैठक में तकनीकी शिक्षा सचिव डॉ रंजीत सिन्हा और उप सचिव ब्योमकेश दुबे उपस्थित रहे। इसके अलावा यूबीटीआर के निदेशक सचिव मुकेश पांडे संयुक्त निदेशक एसके वर्मा और उप निदेशक एमके कन्याल सहित विभाग के अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
