Spread the love

प्रदीप कुमार
चमोली/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद चमोली के कर्णप्रयाग क्षेत्र के ग्राम सेमी में 10 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा करते हुए फरार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे भी बरामद किए हैं। गिरफ्तार आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया गया। न्यायालय के आदेश पर उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार 15 अक्टूबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम सेमी में दो व्यक्तियों के बीच झगड़ा हो रहा है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। वहां सुमित कुमार पुत्र सौनाथ निवासी कलापुर बुजुर्ग थाना कीरतपुर जनपद बिजनौर उत्तर प्रदेश उम्र 28 वर्ष पानी की टंकी के पास जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसके सिर और शरीर पर गंभीर चोटें थीं तथा काफी खून बह चुका था। मौके पर मौजूद व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि सुनील कुमार ने सुमित पर डंडे से हमला किया और इसके बाद वह घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिसकर्मियों ने गंभीर रूप से घायल सुमित को तत्काल उप जिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देश पर तत्काल पुलिस टीम गठित कर फरार आरोपी की तलाश शुरू की गई। क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सुरागरसी और पतारसी करते हुए आरोपी सुनील कुमार को पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। मृतक के बड़े भाई विपिन कुमार की तहरीर पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस पूछताछ में आरोपी सुनील कुमार ने बताया कि उसके पास दो खच्चर हैं और वह पिछले 15 से 20 दिनों से सुमित कुमार के साथ रेत-बजरी ढुलाई का काम कर रहा था। आरोपी के अनुसार सुमित पर उसके 10 हजार रुपये बकाया थे। इसी रकम के लेनदेन को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस के अनुसार आरोपी ने सुमित को सबक सिखाने की योजना बनाई थी। 15 अक्टूबर को शराब पीने के बाद वह ग्राम सेमी स्थित सुमित के डेरे पर पहुंचा और उसके साथ झगड़ा शुरू कर दिया। सुमित ने उसे पुलिस चौकी चलने के लिए कहा। इसी दौरान आरोपी ने अपने पास रखे बांस के डंडे से सुमित के सिर पर वार कर दिया। सुमित के नीचे गिरने के बाद भी आरोपी ने उस पर लगातार वार किए जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सुमित की आवाज सुनकर उसका साथी अशोक कुमार बीच-बचाव करने के लिए मौके पर पहुंचा। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अशोक कुमार को धमकी देकर वहां से भगा दिया और इसके बाद घटनास्थल से फरार हो गया। बाद में अशोक कुमार ने पुलिस कंट्रोल रूम 112 पर सूचना दी जिसके आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल सुमित को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर घटनास्थल के पास ग्राम सेमी से हत्या में प्रयुक्त दो बांस के डंडे बरामद किए। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुनील कुमार पुत्र हयात राम उम्र 28 वर्ष निवासी ग्राम गोठिंडा जूनिधार पोस्ट ऑफिस चेपड़ो थाना थराली जनपद चमोली के रूप में हुई है। आरोपी को 16 अक्टूबर 2026 को न्यायालय न्यायिक मजिस्ट्रेट कर्णप्रयाग के समक्ष पेश किया गया जहां से उसे जिला कारागार पुरसाड़ी भेज दिया गया। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाई उपनिरीक्षक जय सिंह राणा उपनिरीक्षक वीरपाल नेगी हेड कांस्टेबल प्रकाश कंडवाल हेड कांस्टेबल राकेश पोखरियाल हेड कांस्टेबल सतीश गुसाई हेड कांस्टेबल दर्शन और कांस्टेबल संतोष चौहान शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *