Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। जनपद में नगर निकायों से जिला योजना समिति के तीन सदस्यों का निर्वाचन शांतिपूर्ण संपन्न हो गया। टिहरी नगर पालिका क्षेत्र से भाजपा की अधिकृत प्रत्याशी उर्मिला राणा और चंबा क्षेत्र से कांग्रेस के शक्ति प्रसाद जोशी निर्वाचित हुए। वहीं मुनिकीरेती क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध निर्वाचित हुए। सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय ढुकलान ने निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद तीनों निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। जिला निर्वाचन अधिकारी नितिका खण्डेलवाल के निर्देशन में शुक्रवार को नगरपालिका कार्यालय बौराड़ी में टिहरी और चंबा प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्रों के लिए सुबह आठ बजे से मतदान प्रक्रिया शुरू हुई। मतदान के बाद अपराह्न तीन बजे मतगणना शुरू की गई। मतगणना पूरी होने पर दोनों क्षेत्रों के परिणाम घोषित किए गए। टिहरी नगर पालिका क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी उर्मिला राणा को आठ मत प्राप्त हुए। कांग्रेस प्रत्याशी नवीन सेमवाल को छह और निर्दलीय प्रत्याशी विनीत उनियाल को चार मत मिले। इस तरह उर्मिला राणा ने दो मतों के अंतर से जीत दर्ज की। चंबा क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी शक्ति प्रसाद जोशी को 15 मत प्राप्त हुए। भाजपा प्रत्याशी सोबन सिंह नेगी को 13 और निर्दलीय प्रत्याशी अरुण रतूड़ी को पांच मत मिले। शक्ति प्रसाद जोशी ने भाजपा प्रत्याशी को दो मतों से हराकर जीत हासिल की। वहीं मुनिकीरेती क्षेत्र से निर्दलीय प्रत्याशी गजेंद्र सिंह सजवाण निर्विरोध निर्वाचित हुए। निर्वाचन प्रक्रिया पूरी होने के बाद सहायक निर्वाचन अधिकारी संजय ढुकलान ने तीनों निर्वाचित सदस्यों को प्रमाणपत्र प्रदान किए। उल्लेखनीय है कि जिला पंचायत से जिला योजना समिति के 17 सदस्य पहले ही निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। अब नगर निकायों से तीन सदस्यों के निर्वाचन के साथ जनपद में जिला योजना समिति के लिए निर्वाचन की यह प्रक्रिया पूरी हो गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *