Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। अपर जिलाधिकारी शैलेन्द्र सिंह नेगी ने तहसील जाखणीधार का निरीक्षण कर कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं राजस्व कार्यों और अभिलेखों के रखरखाव का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्मिकों की तैनाती कार्यालय भवन नजारत विभिन्न पंजिकाओं और रिकॉर्ड रूम की स्थिति का अवलोकन किया। उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने और लंबित प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान तहसील के अंतर्गत राजस्व उपनिरीक्षकों के 11 क्षेत्र पाए गए। इन सभी क्षेत्रों में राजस्व उपनिरीक्षक कार्यरत हैं। वहीं अमीन के दो पदों में से एक पद रिक्त पाया गया। संग्रह कार्यों के लिए एक संग्रह धावक भी तैनात है। कार्यालय भवन में साफ-सफाई पेयजल और शौचालय की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। सुरक्षा के लिए स्थापित चार सीसीटीवी कैमरे भी क्रियाशील मिले। नजारत कक्ष के निरीक्षण में निर्धारित पंजिकाएं उपलब्ध पाई गईं। वहीं विभिन्न संदर्भ पंजिकाओं के निरीक्षण के दौरान कुछ पंजिकाओं में प्रमाण पत्र और पृष्ठ अंकित नहीं पाए गए। इसके अलावा पृष्ठांकन और सत्यापन की प्रक्रिया भी अधूरी मिली। इस पर अभिलेखों के रखरखाव में आवश्यक सुधार किए जाने की जरूरत सामने आई। दैवीय आपदा राहत से संबंधित पंजिकाओं के निरीक्षण में भी प्रमाण पत्र और पृष्ठ दर्ज नहीं पाए गए। अपर जिलाधिकारी ने आपदा प्रबंधन के तहत खोज एवं बचाव सामग्री वितरण पंजिका का भी अवलोकन किया। इसके अतिरिक्त जनता दर्शन और सुशासन के तहत प्राप्त शिकायतों की पंजिका में दर्ज 12 प्रकरणों में से नौ का निस्तारण हो चुका था जबकि शेष तीन प्रकरण लंबित पाए गए। सरकारी सत्यापन से संबंधित पंजिका में दर्ज सभी 21 प्रकरण निस्तारित मिले। खसरा-खतौनी से संबंधित पंजिका में अंतिम प्रविष्टि 13 अक्टूबर 2026 तक दर्ज पाई गई। अपर जिलाधिकारी ने रिकॉर्ड रूम और आधुनिक रिकॉर्ड रूम का भी निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित कार्मिकों को अभिलेखों को रैक और अलमारियों में सुव्यवस्थित ढंग से रखने तथा अनावश्यक सामग्री हटाने के निर्देश दिए। उन्होंने रिकॉर्ड रूम में नियमित रूप से दवा का छिड़काव सुनिश्चित करने को भी कहा ताकि अभिलेख सुरक्षित रखे जा सकें। अपर जिलाधिकारी ने अभिलेखों के रखरखाव में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरतने और लंबित प्रकरणों का निर्धारित समय में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने और राजस्व संबंधी कार्यों को व्यवस्थित तरीके से संपन्न करने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान तहसीलदार प्राची बहुगुणा सहित तहसील के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *