Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान जनपद के बुक्सा जनजाति बहुल गांवों को सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं से शत-प्रतिशत आच्छादित करने के सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन गांवों के पात्र लोगों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएं और मूलभूत सुविधाओं के विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में विशेष शिविर लगाकर वृद्धावस्था पेंशन विधवा पेंशन और दिव्यांग पेंशन से वंचित सभी पात्र लाभार्थियों को चिह्नित किया जाए। ऐसे लाभार्थियों को तत्काल योजनाओं से जोड़कर लाभान्वित किया जाए। उन्होंने कहा कि कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित नहीं रहना चाहिए। उन्होंने इन गांवों में उज्ज्वला योजना और अंत्योदय योजना के तहत पात्र लोगों को लाभान्वित करने के साथ ही राशन कार्ड बनाने की प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा ग्रामीणों के आय जाति जन्म और मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए भी विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने गांवों के सभी पात्र निवासियों के आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया शत-प्रतिशत पूरी करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी डॉ.आशीष चौहान ने बैठक में गेल कंपनी के माध्यम से कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व यानी सीएसआर फंड के तहत बुक्सा जनजाति बहुल गांवों में मूलभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रभावी प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सीएसआर फंड के माध्यम से गांवों में आवश्यक सुविधाओं के विकास की दिशा में ठोस पहल की जाए ताकि ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। समीक्षा बैठक में जिला समाज कल्याण अधिकारी दीपांकर घिल्डियाल और मुख्य कृषि अधिकारी देवेंद्र सिंह राणा सहित सब डिविजनल फॉरेस्ट ऑफिसर डॉ.उदय एन.उनियाल तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *