प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद की वर्ष 2027 की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परिषदीय परीक्षाओं के लिए जनपद देहरादून में 123 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। इन केंद्रों पर कुल 24 हजार 518 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा केंद्रों के निर्धारण और संवेदनशील एवं दूरस्थ केंद्रों पर व्यवस्थाओं के साथ ही परीक्षाओं के सुचारु संचालन को लेकर जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में परीक्षा केंद्रों की स्थिति और निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रस्तावित आंकड़ों के अनुसार हाईस्कूल में कुल 13 हजार 576 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 13 हजार 472 संस्थागत और 104 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। इसी प्रकार इंटरमीडिएट में कुल 10 हजार 942 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 10 हजार 684 संस्थागत और 258 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। इस तरह हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों कक्षाओं को मिलाकर कुल 24 हजार 518 परीक्षार्थी बोर्ड परीक्षा में शामिल होंगे। बैठक में परीक्षा केंद्रों की उपयुक्तता और संवेदनशील केंद्रों पर आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों की सुविधा से जुड़े पहलुओं पर चर्चा की गई। जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित परीक्षा केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन संबंधी कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्रों के निर्धारण पर विशेष ध्यान देने को कहा। तीन संवेदनशील परीक्षा केंद्र प्रस्तावित समिति के समक्ष प्रस्तुत विवरण के अनुसार वर्ष 2027 की बोर्ड परीक्षाओं के लिए जनपद में तीन संवेदनशील परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। वहीं अति संवेदनशील परीक्षा केंद्रों की संख्या शून्य है। संवेदनशील केंद्रों में ऋषिकेश स्थित श्री भरत मंदिर इंटर कॉलेज और रायपुर स्थित डीएवी इंटर कॉलेज करनपुर के साथ चकराता स्थित राजकीय इंटर कॉलेज भटाड़ शामिल हैं। इन केंद्रों की संवेदनशीलता निर्धारित करने में परीक्षार्थियों की अधिक संख्या और परीक्षा केंद्र तक पहुंचने के मार्ग की दूरी जैसे कारणों को प्रमुखता दी गई है। छह विकासखंडों में परीक्षा केंद्रों का विवरण बैठक में जनपद के छह विकासखंडों में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों का विवरण भी प्रस्तुत किया गया। इसके अनुसार रायपुर में हाईस्कूल के 36 और इंटरमीडिएट के 35 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित हैं। डोईवाला में दोनों कक्षाओं के लिए 30-30 केंद्रों का विवरण दिया गया है। सहसपुर में हाईस्कूल के 15 और इंटरमीडिएट के 14 केंद्र प्रस्तावित हैं। विकासनगर में हाईस्कूल के 21 और इंटरमीडिएट के 19 केंद्रों का विवरण प्रस्तुत किया गया। कालसी में दोनों कक्षाओं के लिए आठ-आठ केंद्र प्रस्तावित हैं जबकि चकराता में हाईस्कूल के 13 और इंटरमीडिएट के 11 केंद्रों का विवरण दिया गया है। इस प्रकार हाईस्कूल के लिए कुल 123 और इंटरमीडिएट के लिए 117 परीक्षा केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं। दूरस्थ क्षेत्रों में भौगोलिक परिस्थितियों के आधार पर होंगे केंद्र निर्धारित समिति के समक्ष ऐसे विद्यालयों का विवरण भी रखा गया जहां परीक्षार्थियों की संख्या निर्धारित 60 विद्यार्थियों के मानक से कम है। प्रस्तुत प्रस्ताव में ऐसे सात विद्यालय शामिल किए गए हैं जहां विषम भौगोलिक परिस्थितियों और आवागमन में आने वाली कठिनाइयों को ध्यान में रखते हुए परीक्षा केंद्र बनाए जाने का प्रस्ताव है। इसका उद्देश्य दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को परीक्षा देने के लिए होने वाली परेशानियों को कम करना और स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप परीक्षा केंद्र निर्धारित करना है। बैठक में मुख्य शिक्षा अधिकारी गोविन्द राम जैसवाल और खंड शिक्षा अधिकारी विनिता कठैत हेमलता गौढ़ भुवनेश्वर प्रसाद बुशरा शिवानी कौशल तथा कुन्दन सिंह सहित जिला स्तरीय समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
