Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। साइबर अपराधों की रोकथाम और आमजन को ऑनलाइन ठगी से बचाने के उद्देश्य से पौड़ी पुलिस की ओर से जनपदभर में निरंतर साइबर जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पौड़ी गढ़वाल सर्वेश पंवार के निर्देश पर चलाए जा रहे इस अभियान के तहत स्कूलों से लेकर बाजारों तक पहुंचकर विद्यार्थियों और आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में श्रीनगर पुलिस टीम ने मार्शल स्कूल के छात्र-छात्राओं को जागरूक किया। कोटद्वार पुलिस टीम ने चौकी दुगड्डा क्षेत्र में और थाना सतपुली पुलिस टीम ने बाजार क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। वहीं कोतवाली पौड़ी पुलिस टीम ने चौकी पाबों क्षेत्र के अंतर्गत लोगों को साइबर अपराधों से बचाव की जानकारी दी। इन कार्यक्रमों के दौरान विद्यार्थियों और आमजन को मोबाइल फोन तथा सोशल मीडिया के सुरक्षित और जिम्मेदाराना उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया। पुलिस टीमों ने लोगों से अपील की कि किसी भी अनजान लिंक पर क्लिक न करें। अपनी बैंकिंग संबंधी जानकारी और ओटीपी तथा पासवर्ड सहित अन्य गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें। सोशल मीडिया का उपयोग सतर्कता और सोच-समझकर करें। पुलिस ने वर्तमान समय में बढ़ रहे ऑनलाइन फ्रॉड और फर्जी कॉल तथा साइबर ब्लैकमेलिंग एवं डिजिटल ठगी के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए उनसे बचाव के उपाय भी बताए। जागरूकता कार्यक्रमों में बताया गया कि साइबर अपराध का शिकार होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर संपर्क कर शिकायत दर्ज कराएं। इसके साथ ही आपातकालीन सेवा 112 और महिला हेल्पलाइन 1090 के उपयोग के संबंध में भी जानकारी दी गई ताकि जरूरत पड़ने पर नागरिक समय रहते सहायता प्राप्त कर सकें। इसके अतिरिक्त पुलिस टीमों ने नागरिकों को नवीन आपराधिक कानूनों और जीरो एफआईआर तथा ई-एफआईआर की प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी। लोगों को उनके नागरिक अधिकारों और पुलिस से संबंधित महत्वपूर्ण कानूनी प्रावधानों के प्रति भी जागरूक किया गया। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य आमजन को साइबर अपराधों के तरीकों की जानकारी देकर सतर्क बनाना और किसी भी धोखाधड़ी की स्थिति में समय पर शिकायत करने के लिए प्रेरित करना रहा। पौड़ी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे साइबर अपराधों के प्रति स्वयं सतर्क रहें और अपने परिवार के सदस्यों तथा बुजुर्गों सहित आसपास के लोगों को भी जागरूक करें। पुलिस ने कहा कि सामूहिक प्रयासों और सतर्कता के माध्यम से साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने में मदद मिल सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *