Spread the love

प्रदीप कुमार
पौड़ी/श्रीनगर गढ़वाल। पौड़ी पुलिस ने मानवता और संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सड़क पर लावारिस हालत में घूम रहे एक असहाय व्यक्ति की मदद की। पुलिस ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से व्यक्ति को रेस्क्यू किया और उसकी साफ-सफाई के साथ ही स्वास्थ्य जांच कराकर सुरक्षित देखरेख के लिए प्रेमधाम आश्रम में आश्रय दिलाया। पुलिस अब व्यक्ति के परिजनों की तलाश में जुटी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश पंवार के निर्देशन में जनपद पुलिस द्वारा असहाय और जरूरतमंद व्यक्तियों की सहायता के लिए मानवीय संवेदनशीलता के साथ कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में 17 अक्टूबर 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक कोटद्वार को स्थानीय निवासी और वरिष्ठ अधिवक्ता बीएम गौड़ ने सूचना दी कि घराट रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास एक असहाय व्यक्ति अत्यंत दयनीय स्थिति में घूम रहा है। सूचना मिलते ही एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कोटद्वार की टीम को मौके पर भेजा गया। पुलिस टीम को वहां एक व्यक्ति असहाय अवस्था में मिला जिसकी मानसिक स्थिति सामान्य प्रतीत नहीं हो रही थी। इसके बाद पुलिस टीम ने स्थानीय पार्षद और क्षेत्रीय लोगों के सहयोग से व्यक्ति को रेस्क्यू किया। टीम ने उसकी साफ-सफाई कराई और बाल कटवाने के बाद उसे साफ-सुथरे कपड़े पहनाए। इसके बाद व्यक्ति को एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट कार्यालय लाया गया। पूछताछ के दौरान उसने अपना नाम राजकुमार और निवासी छत्तीसगढ़ बताया। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई गई है। पुलिस टीम ने उसके परिजनों से संपर्क स्थापित करने के उद्देश्य से उसकी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया के माध्यम से प्रसारित किए हैं ताकि उसके परिवार के बारे में जानकारी मिल सके। पुलिस टीम व्यक्ति को बेस अस्पताल कोटद्वार भी ले गई जहां उसका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया और आवश्यक चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई गई। उसकी सुरक्षा और उचित देखरेख सुनिश्चित करने के लिए उसे प्रेमधाम आश्रम में दाखिल कराया गया है। पौड़ी पुलिस उसके परिजनों की तलाश के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इस मानवीय कार्य में कांस्टेबल प्रेम और कांस्टेबल सत्येंद्र लखेरा के साथ होमगार्ड वाजिद ने सहयोग किया। समाजसेवी इन्दू नौटियाल तथा स्थानीय पार्षद नेत्र मोहन असवाल और क्षेत्रीय नागरिकों ने भी व्यक्ति की मदद करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *