प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड शासन के निर्देशों के क्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को विकासखंड भगवानपुर के अटल उत्कर्ष कन्या इंटर कॉलेज बुग्गावाला में सेवा संकल्प अभियान जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार के अंतर्गत बहुद्देशीय शिविर का आयोजन किया गया। राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी की अध्यक्षता में आयोजित इस शिविर में 675 नागरिकों ने प्रतिभाग कर विभिन्न विभागों की सेवाओं का लाभ उठाया। शिविर के दौरान 615 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। साथ ही 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर क्षेत्रवासियों को सरकार की ओर से संचालित योजनाओं की जानकारी उपलब्ध कराई। शिविर को संबोधित करते हुए राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी ने कहा कि प्रदेश सरकार जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से जन-जन की सरकार जन-जन के द्वार अभियान के अंतर्गत गांव-गांव में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों के माध्यम से ग्रामीणों को विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जा रही हैं ताकि उन्हें सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने और जरूरतमंद एवं पात्र लोगों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने पर विशेष जोर दिया जा रहा है। शिविर में राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आमजन की ओर से प्रस्तुत शिकायतों और आवेदनों पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल के साथ कार्य करते हुए लोगों को राहत पहुंचाएं। उन्होंने अधिकारियों से यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र लाभार्थी तक पहुंचे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार का प्रयास है कि आमजन को सरकारी सुविधाएं सहज और पारदर्शी तरीके से निर्धारित समयसीमा के भीतर उपलब्ध हों। इस दौरान उप जिलाधिकारी भगवानपुर देवेंद्र सिंह नेगी ने राज्य मंत्री को आश्वस्त किया कि उनके निर्देशों के क्रम में संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और स्थानीय नागरिकों की समस्याओं का नियमानुसार प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाएगा। शासन की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। जनसमस्याओं के समाधान और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। शिविर में कुल 56 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 39 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया जबकि शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी गईं। विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों पर नागरिकों को योजनाओं की जानकारी दी गई और पात्र लाभार्थियों के आवेदन प्राप्त किए गए। शिविर के माध्यम से 615 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया। इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी और खंड विकास अधिकारी राजेंद्र जोशी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।
