Spread the love

प्रदीप कुमार
हरिद्वार/श्रीनगर गढ़वाल। कुंभ मेले के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन की तैयारियों के मद्देनजर हरिद्वार में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में शनिवार को सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी के नेतृत्व में वाल्मीकि चौक से मंशा देवी मार्ग तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने के लिए अभियान चलाया गया। जिला प्रशासन नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने अभियान के दौरान सड़क किनारे किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। इस अभियान का उद्देश्य सड़क मार्ग को अतिक्रमण मुक्त बनाने के साथ ही आवागमन सुचारु करना और कुंभ मेले के मद्देनजर व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना है। इस दौरान सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की ओर से निर्धारित पीली पट्टी के बाहर यदि किसी भी प्रकार का फड़ ठेली अथवा अन्य सामान रखा जाता है तो संबंधित सामान जब्त कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी दुकानदारों और फड़-ठेली संचालकों से अपील की कि वे निर्धारित सीमा के भीतर ही अपना सामान रखें और प्रशासन की ओर से जारी निर्देशों का पालन करें। सिटी मजिस्ट्रेट ने कहा कि शहर में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *