Spread the love

प्रदीप कुमार
देहरादून/श्रीनगर गढ़वाल। उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस को भव्य और यादगार बनाने के लिए देहरादून जनपद में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा और सांस्कृतिक विरासत के साथ शहीदों के बलिदान तथा युवाओं की भागीदारी को केंद्र में रखकर कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की जा रही है। जिलाधिकारी डॉ आशीष चौहान ने शनिवार 17 अक्टूबर को ऋषिपर्णा सभागार में आयोजित बैठक में तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने जिला मुख्यालय के साथ तहसील और ब्लॉक स्तर तक कार्यक्रमों का आयोजन सुनिश्चित करने को कहा। राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर 6 नवंबर को पुलिस लाइन रेसकोर्स में रैतिक पुलिस परेड और सम्मान वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। वहीं 9 नवंबर को शहीद स्मारक पर अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से राज्य निर्माण में योगदान देने वाले शहीदों और आंदोलनकारियों के बलिदान को सम्मानपूर्वक याद किया जाएगा। विकास के 25 वर्षों पर बनेगी लघु फिल्म जिलाधिकारी ने राज्य की 25 वर्षों की विकास यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने के लिए विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों के माध्यम से लघु फिल्म प्रतियोगिता आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। इसके लिए यूथ संवाद और राज्य आंदोलनकारियों के साथ संवाद आयोजित किए जाएंगे। युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर देने के लिए यूथ स्पोर्ट्स गतिविधियों और एडवेंचर स्पोर्ट्स के साथ एस्ट्रो शो और ड्रोन शो जैसे आकर्षक आयोजन भी किए जाएंगे। इसके अलावा फिल्म एवं फूड फेस्टिवल को भी कार्यक्रमों का प्रमुख आकर्षण बनाया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जिला मुख्यालय के साथ तहसील और ब्लॉक स्तर पर भी कार्यक्रमों की प्रभावी रूपरेखा तैयार की जाए। यूथ दिवस पर क्रॉस कंट्री दौड़ सहित विभिन्न साहसिक खेल प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएं ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके। सभी संबंधित विभागों को कार्यक्रमों के लिए जरूरी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए गए। नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा के लिए चलेंगे जागरूकता अभियान राज्य स्थापना दिवस के कार्यक्रमों के अंतर्गत नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा के साथ पर्यावरण संरक्षण तथा जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाए जाएंगे। जिलाधिकारी ने जनपद की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक धरोहरों को केंद्र में रखते हुए सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के योगदान को सम्मानपूर्वक स्मरण किया जाए। उन्होंने शिक्षण संस्थानों में गोष्ठियों के साथ निबंध लेखन और चित्रकला सहित अन्य रचनात्मक प्रतियोगिताएं आयोजित करने के निर्देश भी दिए। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों से कहा कि कार्यक्रमों की गुणवत्ता और जनभागीदारी पर विशेष ध्यान दिया जाए। सभी विभाग अपने दायित्वों का समयबद्ध निर्वहन करें ताकि राज्य स्थापना दिवस के आयोजन प्रभावी और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सकें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अभिनव शाह और अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व केके मिश्रा सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। सभी उपजिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से बैठक में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *