Spread the love

प्रदीप कुमार
टिहरी/श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा मार्ग पर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और संभावित अग्निकांडों की रोकथाम के लिए टिहरी पुलिस एवं अग्निशमन विभाग सतर्कता बरत रहे हैं। इसी क्रम में 16 अक्टूबर 2026 को बछेलीखाल क्षेत्र में स्थित शिव शक्ति फिलिंग स्टेशन और ताज होटल का अग्निशमन सुरक्षा की दृष्टि से निरीक्षण किया गया। इस दौरान दोनों प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेकर कर्मचारियों को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। मुख्यालय से प्राप्त आदेशों तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे और मुख्य अग्निशमन अधिकारी टिहरी गढ़वाल के निर्देशों के अनुपालन में यह कार्रवाई की गई। अग्निशमन अधिकारी देवेंद्र सिंह चौहान के नेतृत्व में फायर स्टेशन नरेंद्रनगर की टीम ने चारधाम यात्रा मार्ग पर बछेलीखाल क्षेत्र के अंतर्गत देवप्रयाग में स्थित दोनों प्रतिष्ठानों का फायर रिस्क निरीक्षण एवं ऑडिट किया। निरीक्षण के दौरान प्रतिष्ठानों में उपलब्ध अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और आवश्यकता पड़ने पर उनके उपयोग की तत्परता की जांच की गई। विद्युत कनेक्शन और संबंधित सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी जायजा लिया गया। अधिकारियों ने अग्निकांड की आशंका कम करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अग्निशमन सुरक्षा से संबंधित अनापत्ति प्रमाण पत्र तथा निर्धारित सुरक्षा मानकों के अनुपालन की जांच की। टीम ने दोनों प्रतिष्ठानों के आपातकालीन निकास मार्गों का निरीक्षण किया और उन्हें हमेशा अवरोधमुक्त रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि आपात स्थिति में लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए निकास मार्गों का खुला रहना जरूरी है। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में कर्मचारियों की तत्परता और उपलब्ध अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग के संबंध में भी जानकारी ली गई। निरीक्षण के दौरान कर्मचारियों को आग लगने पर तत्काल आवश्यक कदम उठाने और प्राथमिक अग्निशमन उपकरणों का सही तरीके से उपयोग करने के बारे में बताया गया। उन्हें स्वयं के साथ अन्य लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। अग्निशमन उपकरणों को निर्धारित स्थानों पर उपयोग योग्य स्थिति में रखने और आपातकालीन निकास मार्गों पर किसी भी प्रकार का अवरोध नहीं होने देने पर विशेष जोर दिया गया। साथ ही विद्युत सुरक्षा और अग्निशमन से जुड़े अन्य मानकों का नियमित रूप से पालन करने के निर्देश दिए गए। टिहरी पुलिस के अनुसार चारधाम यात्रा मार्ग पर स्थित पेट्रोल पंपों होटलों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्थाओं का दुरुस्त रहना यात्रियों की सुरक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। संभावित अग्निकांडों की रोकथाम और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से फायर रिस्क निरीक्षण और जागरूकता गतिविधियां लगातार की जा रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *